महिला ने फोन कर बिजलीकर्मी को बुलाया व संबंध बनाने को कहा, फिर जाल में फंसाया
एक महिला ने एक बिजली कर्मचारी को फोन कर घर बुला लिया। वह वहां पहुंचा तो उसने शारीरिक संबंध बनाने काे कहा। उसने मना किया तो रेप केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगी।
जेएनएन, फतेहाबाद। शहर के कीर्ति नगर में एक महिला ने बिजलीकर्मी को फोन कर घर बुलाया। वह वहां पहुंचा तो महिला ने उसे शारीरिक संबंध बनाने को कहा। बिजलीकर्मी ने इससे मना किया तो उसने उसे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद महिला के अन्य साथी आ गए और उससे पांच लाख रुपये मांगे। पुलिस ने महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव धांगड़ निवासी सुधीर ने बताया कि उसके मोबाइल पर पिछले काफी समय से एक महिला फोन कर रही थी। बातों में फंसाकर महिला ने उसे कीर्तिनगर में एक घर में बुलाया। यहां पर महिला ने उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। उसने इससे मना किया और उसके घर से बाहर जाने लगा तभी चार-पांच लोग वहां आ गए और उसे रोक लिया।
सुधीर ने बताया कि इन लोगों ने उसका पर्स, बाइक व मोबाइल छीन लिया। उन्होंने धमकी दी कि एक घंटे के अंदर पांच लाख रुपये नहीं दिए तो दुष्कर्म के केस में फंसा देंगे। सुधीर ने मामले की शिकायत शहर पुलिस को दी। पूछताछ में पता चला है कि गिरोह में शामिल महिला लाेगों को जाल में फंसाती थी और इसके बाद उनको ब्लैकमेल कर मोटी रकम ऐंठते थे। पुलिस ने दो महिलाओं और ढाणी ठोबा निवासी हीरालाल व हमजापुर निवासी भूपेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आराेपियों के मोबाइल कब्जे में लेकर फोन डिटेल खंगाल रही है।
------
'' धांगड़ निवासी सुधीर ने शिकायत दी कि उसे एक गिरोह दुष्कर्म के मामले में फंसाने के नाम पर ब्लैकमेल कर रहा है। इस मामले में दो महिलाओं समेत चार लोगों को काबू किया है। अभियुक्त शिकायतकर्ता से पांच लाख रुपये की डिमांड कर रहे थे। केस दर्ज कर लिया गया है।
- रविंद्र सिंह तोमर, डीएसपी, फतेहाबाद।