विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में रक्षा बंधन पर सादी वर्दी में तैनात रहेंगी महिला पुलिस, जानें राखी बांधने का शुभ मुहूर्त

Published: Wed, 26 Aug 2026 04:59 PM (IST)

फतेहाबाद में रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजारों में रौनक है, लेकिन मिठाइयों की बढ़ती कीमतों ने खरीदारी का बजट बिगाड़ दिया है।

हरियाणा में रक्षा बंधन पर सादी वर्दी में तैनात रहेंगी महिला पुलिस (फाइल फोटो)

हरियाणा में रक्षा बंधन पर सादी वर्दी में तैनात रहेंगी महिला पुलिस (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मिठाइयों और ग्वार पेठे के दाम 30-50 रुपये प्रति किलो बढ़े

  2. रक्षाबंधन पर महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर मिलेगा

  3. बाजारों की सुरक्षा के लिए 500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। रक्षाबंधन पर्व को लेकर शहर के बाजारों में बुधवार को हलचल बढ़ गई। बहनें भाइयों के लिए राखी, मिठाई और उपहार खरीदने के लिए बाजार पहुंचीं। त्योहार को लेकर बाजारों में रौनक तो बढ़ी, लेकिन महंगाई ने खरीदारी का बजट भी बिगाड़ दिया।

चीनी और अन्य कच्चे माल के दाम बढ़ने के कारण मिठाइयां 30 से 50 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो गई हैं। रक्षाबंधन पर सबसे अधिक खरीदे जाने वाले ग्वार पेठे का भाव भी 100 रुपये से बढ़कर 150 रुपये किलो तक पहुंच गया है।

वहीं, त्योहार पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस और रोडवेज विभाग ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वीरवार दोपहर 12 बजे से महिलाओं को रोडवेज बसों में निश्शुल्क सफर की सुविधा मिलेगी।

महिलाएं अपने बच्चों के साथ इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगी। बाजारों की सुरक्षा के लिए करीब 500 पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। हिसार और सिरसा रूट पर सवारियों की संख्या बढ़ने पर रोडवेज विभाग 20 अतिरिक्त फेरे भी लगाएगा। वहीं बाजारों में सफाई न होने के कारण रौनक को फीका कर दिया है।

महंगाई ने फीकी की मिठाई की मिठास

रक्षाबंधन पर मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ रही है, लेकिन बढ़े हुए दाम लोगों की जेब पर भारी पड़ रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार चीनी सहित अन्य कच्चे माल की कीमत बढ़ने के कारण मिठाइयों के दाम बढ़ाने पड़े हैं। कई मिठाइयां 30 से 50 रुपये किलो तक महंगी हो गई हैं।

ग्वार पेठे की मांग रक्षाबंधन पर सबसे अधिक रहती है। कुछ दिन पहले तक करीब 100 रुपये किलो बिकने वाला ग्वार पेठा अब 150 रुपये किलो तक पहुंच गया है। महंगाई के कारण ग्राहक पहले की अपेक्षा कम मात्रा में मिठाई खरीद रहे हैं।

सादी वर्दी में महिला पुलिसकर्मी रखेंगी नजर

बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर करीब 500 पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मी गश्त करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस कर्मचारियों को सादी वर्दी में तैनात किया जाएगा। ये कर्मचारी छेड़छाड़, जेब कटने, मोबाइल चोरी और अन्य घटनाओं पर नजर रखेंगी। पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजारों में सुरक्षित माहौल बनाए रखना है।

ये है शुभ मुहूर्त

28 अगस्त, शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। पंचांग के अनुसार राखी बांधने का शुभ समय सुबह 6 बजकर 2 मिनट से 9 बजकर 48 मिनट तक बताया गया है। पूर्णिमा तिथि सुबह 9 बजकर 48 मिनट पर समाप्त होगी।

भद्रा भी सूर्योदय से पहले समाप्त हो चुकी होगी। हालांकि धार्मिक मान्यताओं को मानने वाले परिवार अपने-अपने पंचांग और परंपरा के अनुसार समय तय कर सकते हैं।

ब्रेसलेट से पर्सनलाइज्ड राखी तक छाया ट्रेंड

इस बार बाजार में पारंपरिक राखियों के साथ नए डिजाइन भी बहनों को आकर्षित कर रहे हैं। ब्रेसलेट, पर्सनलाइज्ड, चांदी, रुद्राक्ष, ओम और गणेश वाली राखियों की मांग बनी हुई है। इसके अलावा क्रोशिया, मोती, स्टोन और रेजिन वाली राखियां भी बाजार में उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए कार्टून, स्माइली, लाइट और खिलौने वाली राखियों की अलग-अलग रेंज आई है।