हरियाणा में SIR में जुड़ाएं अपना नाम, 29 और 30 अगस्त को लगेंगे कैंप; 3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम लिस्ट
फतेहाबाद में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य पर बैठक हुई, जिसमें 6.59 लाख मतदाताओं की जानकारी दी गई।

हरियाणा में SIR में जुड़ाएं अपना नाम, 29 और 30 अगस्त को लगेंगे कैंप (फाइल फोटो)
HighLights
फतेहाबाद में 6.59 लाख मतदाता, पुनरीक्षण कार्य जारी
29-30 अगस्त को बूथों पर विशेष कैंप लगेंगे
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को लेकर बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. विवेक भारती की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों (इआरओ) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता, दावे व आपत्तियों के त्वरित निपटान तथा पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने पर विस्तार से चर्चा हुई। डीसी डा. विवेक भारती ने बताया कि जिले की तीनों विधानसभाओं में कुल 6 लाख 59 हजार 694 मतदाता हैं, जिनमें 3 लाख 48 हजार 669 पुरुष, 3 लाख 11 हजार 10 महिला और 15 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
विधानसभा टोहाना में 2 लाख 16 हजार 404, फतेहाबाद में 2 लाख 35 हजार 739 तथा रतिया में 2 लाख 7,551 मतदाता दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक 30 अगस्त 2026 तक नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 और संशोधन या नाम हटाने हेतु निर्धारित फार्म भरकर दावे-आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के मतदाताओं और पदाधिकारियों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें।
बीएलओ सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे
अभियान के तहत 29 और 30 अगस्त को विशेष तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन दिनों बीएलओ सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त कर सहयोग की अपील की गई है।
पुनरीक्षण के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक एवं डुप्लीकेट (एएसडीडी) मतदाताओं के सत्यापन पर ध्यान दिया जा रहा है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। नागरिक मतदाता सेवा पोर्टल और ''वोटर हेल्पलाइन'' ऐप के जरिए भी आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों व विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी
बैठक में एसडीएम आकाश शर्मा, एसडीएम राजेश कुमार, एसडीएम सुरेन्द्र सिंह और चुनाव नायब तहसीलदार राज कुमार उपस्थित रहे। वहीं राजनीतिक दलों की ओर से आप के धर्मपाल जाखल, बसपा के एडवोकेट जिले सिंह वर्मा, भाजपा के विक्रम शर्मा, भाकपा (एम) के जगतार सिंह व राम कुमार बहबलपुरियां, कांग्रेस के राहुल, इनेलो के एडवोकेट राजेश कुमार शर्मा और जेजेपी के कुलदीप सिंह ने भाग लिया।
