विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा: फतेहाबाद में 50 लाख की लागत से लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें, अंधेरी कॉलोनियों को मिलेगी रोशनी

Published: Sat, 24 Oct 2026 02:14 PM (IST)

फतेहाबाद नगर परिषद 50 लाख रुपये की लागत से नई स्ट्रीट लाइटें खरीदने जा रही है, जिससे बाहरी कॉलोनियों में अंधेरे की समस्या दूर होगी।

हरियाणा: फतेहाबाद में 50 लाख की लागत से लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें (फाइल फोटो)

हरियाणा: फतेहाबाद में 50 लाख की लागत से लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें (फाइल फोटो)

HighLights

  1. फतेहाबाद नगर परिषद 50 लाख रुपये की नई स्ट्रीट लाइटें खरीदेगी।

  2. पांच साल बाद हो रही खरीद से अंधेरी कॉलोनियों को राहत मिलेगी।

  3. पार्कों और गलियों में 30 लाख रुपये के बेंच भी लगेंगे।

-बाहरी कालोनियों में शाम होते ही छा जाता है अंधेरा, लाइटें लगवाने की मांग लेकर नगर परिषद कार्यालय पहुंच रहे पार्षद
-नगर परिषद ने स्ट्रीट लाइटों की खरीद के लिए लगाया टेंडर, पांच साल पहले मुंबई से मंगवाई गई थीं लाइटें
-शहर के पार्कों में भी लगेंगे बेंच, करीब 30 लाख रुपये होंगे खर्च, पार्कों और गलियों में बैठने की सुविधा देने की तैयारी
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद:
शहर की बाहरी कालोनियों में शाम ढलते ही अंधेरा छा जाने की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। नगर परिषद ने करीब 50 लाख रुपये की लागत से नई स्ट्रीट लाइटें खरीदने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए टेंडर लगा दिया गया है। पिछले करीब पांच साल से नगर परिषद ने नई स्ट्रीट लाइटों की खरीद नहीं की थी। ऐसे में शहर की कई गलियों और बाहरी कालोनियों में रोशनी की व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे।
स्ट्रीट लाइटें नहीं होने के कारण रात के समय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं के साथ चोरी और छीना-झपटी जैसी वारदात का डर भी बना रहता है। स्थानीय पार्षद भी अपने क्षेत्रों में लाइटें लगवाने की मांग को लेकर नगर परिषद कार्यालय पहुंच रहे हैं। ऐसे में नई लाइटों की खरीद को शहर की रोशनी व्यवस्था सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
-- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- --
पांच साल पहले मुंबई से मंगवाई थीं लाइटें
नगर परिषद ने करीब पांच साल पहले मुंबई से स्ट्रीट लाइटें मंगवाई थीं। इसके बाद से नई लाइटों की खरीद नहीं होने के कारण शहर में बढ़ती जरूरत के अनुरूप व्यवस्था नहीं बढ़ सकी। समय के साथ नई कालोनियां विकसित हुईं और आबादी का विस्तार हुआ, लेकिन कई स्थानों पर रात के समय रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पाई। इसका असर खासकर बाहरी कालोनियों में देखने को मिलता है, जहां शाम होते ही गलियां अंधेरे में डूब जाती हैं। अब 50 लाख रुपये की लागत से लाइटें खरीदने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। खरीद पूरी होने के बाद किन क्षेत्रों में कितनी लाइटें लगाई जाएंगी, यह व्यवस्था के अनुसार तय होगा। शहरवासियों को उम्मीद है कि नई लाइटें लगने से अंधेरे वाली गलियों और रास्तों पर रोशनी बढ़ेगी। इससे लोगों को रात में आने-जाने में सुविधा मिलेगी और असुरक्षा की आशंका भी कम करने में मदद मिल सकती है।
-- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -
पार्कों और गलियों में बैठने के लिए रखे जाएंगे बेंच
स्ट्रीट लाइटों के साथ नगर परिषद शहर के पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर बैठने की सुविधा बढ़ाने की तैयारी भी कर रही है। इसके लिए करीब 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना के तहत पार्कों और गलियों में बेंच रखे जाएंगे, ताकि लोग खाली समय में बैठ सकें और बुजुर्गों को भी आराम करने की सुविधा मिल सके। शहर में पार्क लोगों के लिए सुबह-शाम सैर और आपसी मेलजोल के प्रमुख स्थान हैं। यहां बेंच लगाने से लोगों को बैठने के लिए उचित जगह मिलेगी। वहीं, गलियों में निर्धारित स्थानों पर बेंच रखे जाने से स्थानीय निवासियों को भी सुविधा होगी।
-- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- --
इन आंकड़ों पर डाले नजर
शहर में वार्ड : 27
प्रत्येक वार्ड में कितनी लाइटें मिलेगी : 50
अब तक कितनी शिकायतें आई : 150
कितनी लागत आएगी : 50 लाख रुपये
-- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- -- --
शहर में स्ट्रीट लाइटें खरीदी जाएग, इसके लिए टेंडर लगा दिया गया। उधर पार्क व गलियों में बेंच भी रखवाएं जाएंगे ताकि बुजुर्ग व बच्चे बैठ सके।-लोकेंद्र कुमार, जेई नगरपरिषद।