विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहाबाद में 3 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में इंचार्ज तक नहीं, 18 पद खाली; अब रिटायर्ड शिक्षकों को भरेगा विभाग

Published: Thu, 03 Sep 2026 05:01 PM (IST)

फतेहाबाद के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में 18 पद खाली हैं, जिनमें तीन इंचार्ज के पद भी शामिल हैं, जिससे शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

फतेहाबाद केजीबीवी में 18 पद खाली।

फतेहाबाद केजीबीवी में 18 पद खाली।

HighLights

  1. फतेहाबाद केजीबीवी में 18 पद रिक्त, 3 इंचार्ज पद भी शामिल

  2. सेवानिवृत्त शिक्षकों को नियुक्ति का अवसर, अधिकतम 64 वर्ष आयु

  3. आवेदन 8 सितंबर तक, साक्षात्कार 11 सितंबर को होगा

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं की पढ़ाई को पटरी पर लाने के लिए शिक्षा विभाग ने खाली पड़े पदों को भरने की कवायद शुरू कर दी है। जिले के पांच कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में इंचार्ज और विभिन्न विषयों के पीजीटी के 18 पद खाली हैं।

इनमें सबसे गंभीर स्थिति उन विद्यालयों की है, जहां इंचार्ज तक नहीं है। ऐसे में विद्यालयों की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अब विभाग इन पदों को भरने के लिए सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी नियुक्ति का मौका देगा।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं को आवासीय सुविधा के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की व्यवस्था है। लेकिन इंचार्ज का पद खाली होने से विद्यालय की रोजमर्रा की प्रशासनिक व्यवस्था से लेकर शिक्षण कार्य तक पर असर पड़ता है। जिले के तीन विद्यालयों नहला, कुम्हारिया व किरढ़ान के इंचार्ज के पद रिक्त हैं।

ऐसे में विभाग के सामने सबसे पहली चुनौती इन विद्यालयों में जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों की नियुक्ति करना है। विभाग की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है। नियुक्तियां एग्रीमेंट के आधार पर होंगी और चयनित कर्मचारियों की सेवाएं 31 मार्च 2027 तक अथवा नियमित व्यवस्था होने तक रहेंगी।

18 पदों पर होगी नियुक्ति

जिले के नहला, कुम्हारिया, खाई, जमालपुर शेखां और किरढान स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कुल 18 पद भरे जाएंगे। इनमें इंचार्ज के तीन पद हैं। इसके अलावा पीजीटी अंग्रेजी के तीन, हिंदी का एक, गणित के चार, राजनीति विज्ञान के दो, अर्थशास्त्र का एक, इतिहास के दो और संस्कृत के दो पद शामिल हैं।

विद्यालयवार देखें तो नहला में तीन, कुम्हारिया में तीन, खाई में पांच, जमालपुर शेखां में छह और किरढान में एक पद खाली है। जमालपुर शेखां में सबसे अधिक छह पद रिक्त हैं।

सेवानिवृत्त शिक्षक संभालेंगे पढ़ाई की जिम्मेदारी

सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है। अनुभवी शिक्षकों की सेवाएं मिलने से खाली पदों को अस्थायी रूप से भरने के साथ विद्यालयों में पढ़ाई का माहौल बनाए रखने में मदद मिलेगी। इन पदों के लिए अधिकतम 64 वर्ष तक की आयु के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।

विभागीय निर्देशों के अनुसार महिला आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन आठ सितंबर तक जमा किए जा सकेंगे, जबकि 11 सितंबर को सुबह 10 बजे साक्षात्कार होगा। इंचार्ज को 30 हजार और पीजीटी शिक्षकों को 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।

कस्तूरबा बालिका विद्यालयों में 18 पद खाली है। इसके लिए आवेदन मांगे गए है। रिटायर्ड अध्यापक ही इसके लिए आवदेन कर सकते है। नियुक्ति होने के बाद राहत मिलेगी। -संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी।