विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

860 बैठकों में सिर्फ 404 पूरी, 456 बाकी... भट्टूकलां-भूना में जल्द शुरू होगी सिजेरियन सुविधा, फतेहाबाद अस्पताल की दौड़ होगी कम

Published: Tue, 06 Oct 2026 03:42 PM (GMT+05:30)

फतेहाबाद में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में टीकाकरण और मातृ स्वास्थ्य में बेहतर प्रदर्शन दिखा, लेकिन स्वास्थ्य संस्थाओं की बैठकें लक्ष्य से काफी पीछे रहीं।

फतेहाबाद अस्पताल की दौड़ होगी कम (फाइल फोटो)

फतेहाबाद अस्पताल की दौड़ होगी कम (फाइल फोटो)


HighLights

  1. टीकाकरण कवरेज 97.5% रहा, मातृ स्वास्थ्य सेवाएं भी बेहतर

  2. 860 में से केवल 404 स्वास्थ्य संस्था बैठकों का आयोजन हुआ

  3. भट्टूकलां-भूना सीएचसी में सिजेरियन डिलीवरी सुविधा जल्द शुरू होगी

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान सरकारी योजनाओं के आंकड़ों ने जहां टीकाकरण और मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर स्थिति दिखाई, वहीं स्वास्थ्य संस्थाओं में बैठकों के आयोजन की सुस्ती भी सामने आई।

लघु सचिवालय में अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया की अध्यक्षता में हुई त्रैमासिक समीक्षा बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, एनीमिया, स्वास्थ्य संस्थाओं की बैठकें और डेंगू-मलेरिया नियंत्रण अभियान की प्रगति पर मंथन हुआ।

जिले की 172 स्वास्थ्य संस्थाओं में एसकेएस और जन आरोग्य समितियों की 860 बैठकें निर्धारित थीं, लेकिन अब तक केवल 404 बैठकें ही हो सकी हैं। यानी 456 बैठकें अभी बाकी हैं और लक्ष्य का 47 प्रतिशत ही पूरा हुआ है।

अधिकारियों को मासिक और त्रैमासिक बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीएम राजेश कुमार, सिविल सर्जन डा. बुधराम, डिप्टी सिविल सर्जन डा. भरत, जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

भट्टूकलां-भूना में सिजेरियन सुविधा से गर्भवती महिलाओं को मिलेगी राहत

मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में एएनसी पंजीकरण 97 प्रतिशत और अर्ली रजिस्ट्रेशन 92 प्रतिशत रहा। समीक्षा में भट्टूकलां और भूना सीएचसी को नए प्रथम संदर्भ इकाई (एफआरयू) के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।

दोनों केंद्रों पर सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा शुरू करने की तैयारी है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और जरूरी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद यहां प्रसव की जटिल स्थिति में महिलाओं को सिजेरियन सुविधा मिल सकेगी।

इससे भट्टूकलां और भूना क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को हर मामले में जिला अस्पताल फतेहाबाद आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। चारों एफआरयू का कवरेज शत-प्रतिशत करने तथा हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की लगातार ट्रैकिंग के निर्देश भी दिए गए हैं।

टीकाकरण 97.5 प्रतिशत, डेंगू में 1010 जगह लार्वा मिलने से बढ़ी चिंता

जिले में पूर्ण टीकाकरण कवरेज 97.5 प्रतिशत दर्ज किया गया। हालांकि करीब 2.5 प्रतिशत बच्चे अभी भी पूर्ण टीकाकरण से बाहर हैं। पेंटावैलेंट-1 और एमआर-2 के ड्रापआउट तथा शून्य-खुराक वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें टीकाकरण से जोड़ने के निर्देश दिए गए। वहीं सितंबर में 1,62,023 घरों की जांच के दौरान 1010 स्थानों पर लार्वा मिला और 986 नोटिस जारी किए गए। करीब 700 संदिग्ध मरीजों की जांच में 10 डेंगू संक्रमित मिले हैं।

सभी 239 फागिंग मशीनों को नियमित रूप से चलाने के निर्देश दिए गए। निजी अस्पतालों और लैब को निर्धारित सरकारी दरों पर डेंगू जांच करने के निर्देश भी दिए गए। समीक्षा में साफ हुआ कि टीकाकरण और एएनसी जैसी सेवाओं में कवरेज मजबूत है, लेकिन संस्थागत बैठकों और डेंगू नियंत्रण में शेष काम पर निगरानी बढ़ानी होगी।


बैठक कम हुई है। लेकिन अभी समय है। अगले एक महीने में जो कमी मिली है उसे दूर किया जाएगा। टीकाकरण में प्रदेश में जिला प्रथम रहा है। भूना व भट्टूकलां में सिजेरियन डिलीवरी भी जल्द शुरू हो जाएगी।
डॉ. बुधराम, सिविल सर्जन।