विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहाबाद में अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल का 15वां दिन, 22 सूत्रीय मांगों पर अड़े फायरमैन

Published: Wed, 22 Apr 2026 03:17 PM (GMT+05:30)

फतेहाबाद में अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल 15वें दिन भी जारी है, जिसमें वे अपनी 22 सूत्रीय मांगों को लेकर अड़े हुए हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. फतेहाबाद में दमकल कर्मियों की हड़ताल 15वें दिन जारी।

  2. कर्मचारी 22 सूत्रीय मांगों पर 26 अप्रैल तक अड़े रहे।

  3. कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद शर्मा ने हड़ताल को समर्थन दिया।

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को 15वें दिन में प्रवेश कर गई। अपनी 22 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी लगातार धरने पर डटे हुए हैं और उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि ठोस सहमति के बिना वे आंदोलन वापस नहीं लेंगे।

आंदोलन को देखते हुए कर्मचारियों ने हड़ताल को 26 अप्रैल तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। धरने की अध्यक्षता इकाई प्रधान विनोद खिचड़ ने की, जबकि संचालन राज्य सचिव सतबीर सहारण ने किया।

इस दौरान रघुबीर सिंह, राजेश खिचड़, सतबीर सिंह और गुरमेल सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद शर्मा ने धरना स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों को समर्थन दिया और उनकी मांगों को जायज बताया।

सेवाओं पर असर, बढ़ी चिंता

हड़ताल का असर अग्निशमन सेवाओं पर साफ दिखाई दे रहा है। फतेहाबाद दमकल केंद्र में 32 में से 26 कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिससे केवल सीमित स्टाफ पूरे जिले की जिम्मेदारी संभाल रहा है। वर्तमान में एक फायर अफसर, एक सब फायर अफसर और चार नए कर्मचारी ही ड्यूटी पर हैं, जिससे किसी आपात स्थिति में बचाव कार्यों को लेकर चिंता बनी हुई है।

कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने फरीदाबाद के मुजेसर अग्निकांड में मृतक भवीचंद शर्मा और रणवीर सिंह को शहीद का दर्जा देने और उनके परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई।

साथ ही कच्चे कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षा, जोखिम भत्ता और वेतन वृद्धि जैसी मांगें भी रखी गई हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि 26 अप्रैल तक समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया जाएगा।