हरियाणा के फतेहाबाद में दशहरे वाले दिन भीषण हादसा, पूर्व MLA दुड़ाराम के ड्राइवर की बाइक पेड़ से टकराई; मौके पर ही मौत
दशहरे के दिन फतेहाबाद में पूर्व विधायक दुड़ाराम के चालक प्रदीप (30) की सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी ...और पढ़ें

हरियाणा के फतेहाबाद में दशहरे वाले दिन भीषण हादसा (फाइल फोटो)
HighLights
दशहरे के दिन फतेहाबाद में सड़क हादसा
पूर्व विधायक दुड़ाराम के चालक प्रदीप की मौत
बाइक पेड़ से टकराने से गंभीर चोटें आईं
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। दशहरे के दिन हुए सड़क हादसे में भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक दुड़ाराम के चालक प्रदीप (30) की मौत हो गई। शेखुपुर दड़ौली गांव निवासी प्रदीप देर रात बाइक पर फतेहाबाद से अपने पैतृक गांव लौट रहे थे।
बीघड़ हेड के पास पहुंचते ही उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रदीप को गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल प्रदीप को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया।
तीन साल से पूर्व विधायक की गाड़ी पर थे चालक
जानकारी के अनुसार प्रदीप पिछले करीब तीन वर्षों से भाजपा के पूर्व विधायक दुड़ाराम की गाड़ी पर चालक के रूप में सेवाएं दे रहे थे। प्रदीप की मौत की सूचना गांव पहुंची तो स्वजनों के साथ ग्रामीण भी शोक में डूब गए। दशहरे के अवसर पर हुई इस घटना ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
पत्नी और दो छोटी बेटियों को छोड़ गए प्रदीप
प्रदीप अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटी बेटियां हैं। प्रदीप की अचानक मौत से माता-पिता ने अपना इकलौता बेटा खो दिया, जबकि दोनों बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत से स्वजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दशहरे के पर्व के बीच सामने आई इस दुखद खबर से शेखुपुर दड़ोली गांव में भी शोक है।
