विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Haryana OPD Timing: सरकारी अस्पतालों में बदला OPD का समय, अब कितने बजे तक कटेगी पर्ची, कब तक होंगे टेस्ट?

Published: Fri, 16 Oct 2026 01:35 PM (IST)

सर्दी का मौसम शुरू होने के साथ फतेहाबाद सहित हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी का समय बदल दिया गया ...और पढ़ें

हरियाणा के अस्पतालों में बदला समय (फाइल फोटो)

हरियाणा के अस्पतालों में बदला समय (फाइल फोटो)

HighLights

  1. ओपीडी का समय सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक।

  2. जांच के लिए सैंपल दोपहर 1 बजे तक लिए जाएंगे।

  3. पर्ची बनवाने का अंतिम समय दोपहर 2 बजे।

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। सर्दी का मौसम शुरू होने के साथ सरकारी अस्पतालों में ओपीडी का समय बदल दिया गया है। नागरिक अस्पताल सहित सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में अब सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक ओपीडी चलेगी। मरीज दोपहर 2 बजे तक पर्ची बनवा सकेंगे, जबकि विभिन्न जांचों के लिए सैंपल दोपहर 1 बजे तक लिए जाएंगे। यह व्यवस्था अगले छह महीने तक लागू रहेगी।

स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को समय पर उपचार देने और जांच प्रक्रिया व्यवस्थित रखने के लिए यह समय तय किया है। ब्लड सहित अन्य जरूरी जांचों के सैंपल लेने और प्रक्रिया पूरी करने में कम से कम एक घंटा लगता है। दोपहर 2 बजे पर्ची बनवाकर जांच के लिए आने वाले मरीजों की उसी दिन जांच करना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में उन्हें बिना जांच लौटना पड़ता है या अगले दिन फिर अस्पताल आना होता है।
नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन करीब 400 से 500 जांचें हो रही हैं। सैंपल लेने की समय-सीमा तय होने से स्वास्थ्य कर्मियों को जांच प्रक्रिया पूरी करने और रिपोर्ट तैयार करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।

पर्ची और जांच के समय में अंतर

दोपहर 1 बजे के बाद आने वाले मरीज डाक्टर से परामर्श और दवाइयां ले सकेंगे, लेकिन नियमित जांच के लिए उसी दिन सैंपल नहीं लिया जाएगा। जिन मरीजों को परामर्श के साथ जांच भी करवानी है, उन्हें सुबह या दोपहर 1 बजे से पहले अस्पताल पहुंचना चाहिए। केवल परामर्श और दवाइयां लेने वाले मरीज दोपहर 2 बजे तक पर्ची बनवा सकेंगे।

चिकित्सक उपलब्ध न हो तो आपातकालीन विभाग

अस्पताल में संबंधित चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने पर मरीज आपातकालीन विभाग में चिकित्सकीय सहायता ले सकते हैं। यदि कोई चिकित्सक निर्धारित समय से पहले ओपीडी की पर्ची बनवाना बंद करता है, तो उसे कारण अस्पताल के नोटिस बोर्ड पर लिखना होगा। इससे मरीजों को ओपीडी बंद होने की जानकारी मिलेगी और उन्हें अनावश्यक परेशानी नहीं होगी।

त्योहारी सीजन में कम पहुंचे मरीज

त्योहारी सीजन के कारण शुक्रवार को नागरिक अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या सामान्य दिनों से कम रही। करीब 750 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। आने वाले दिनों में मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना है। मौसम में बदलाव के साथ सर्दी, खांसी, बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ सकते हैं। इस समय खेतों में फसली सीजन का काम भी चल रहा है। यहीं कारण है कि ओपीडी में कम मरीज आ रहे है। अब वहीं मरीज आ रहे है जिसे आपातकालीन में चिकित्सा की जरूरत है।

सर्दी के मौसम के कारण यह बदलाव किया गया है। 15 अप्रैल तक ओपीडी का समय सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। मरीज को हर हाल में इलाज मिले, इसके लिए वह आपातकालीन विभाग में भी दिखा सकता है। -डॉ. सुभाष चंद्र, एसएमओ, नागरिक अस्पताल।