हमले के आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसपी से लगाई गुहार
शक्ति नगर निवासी एक महिला ने एसपी से मिलकर हमला करने के आ
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद :
शक्ति नगर निवासी एक महिला ने एसपी से मिलकर हमला करने के आरोपितों को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उनके मुहल्ले के कुछ लोगों ने उसके बेटे और भांजे को तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया था। पुलिस को शिकायत देने के बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं एसपी ने जांच के आदेश दिए है।
एसपी से मिलने आई शक्ति नगर निवासी सुनीता ने बताया कि दीपावली के दिन बगीची मोहल्ला निवासी विनोद, विनी उर्फ विनोद, विपिन, किरण, विजय, गदर ने मेरे बेटे विजय व भानजे सन्नी पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला किया। हमले में दोनो गंभीर रूप से घायल हो गये थे। जिस कारण उन्हें अग्रोहा रेफर किया गया था। सुनीता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामला दर्ज भी कर लिया था। लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया है। वहीं एसपी ने पीड़िता को आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी हो जाएगी।