लघु सचिवालय के बाहर दीपावली मेले का हुआ शुभारंभ
जागरण संवाददाता फतेहाबाद लघु सचिवालय के सामने लगाए गए सारथी दीपावली मेले समूह की महिल
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद :
लघु सचिवालय के सामने लगाए गए सारथी दीपावली मेले समूह की महिलाओं द्वारा हाथ से बनाए गए उत्पाद आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से संबंधित आजीविका महिला महासंघ, फतेहाबाद की ओर से दीपावली मेले का आयोजन किया जा रहा है। बाजार का शुभारंभ बुधवार को उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने किया।
उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि जिला में 2600 महिला स्वयं सहायता समूह हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा चलाए जा रहे हैं। समूह की महिलाएं अपने समूह से मदद लेकर विभिन्न प्रकार की आजीविका कर रही हैं, जिससे उन्हें व उनके परिवार को आर्थिक स्वावलंबन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से समूह की महिलाओं को स्टॉल लगाने के लिए बिना खर्चा के जगह उपलब्ध करवाई गई है, जो उनके उत्पाद को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन समूह की महिलाओं के लिए हर संभव मदद करने के लिए तैयार है। दीपावली बाजार में प्रारंभिक ग्रामीण उद्यमिता कार्यक्रम से मदद लेकर शुरू किए गए रोजगार की स्टॉल भी महिलाओं द्वारा लगाई गई है। दीपावली बाजार में समूह की महिलाओं द्वारा तैयार चूडि़यां, बाजरे के लड्डू, देसी घी के लड्डू, फरूट चाट, मिट्टी के दीये, ऊनी वस्त्र, कपड़े के थैले, पॉपकॉर्न, बच्चों के खिलौने सहित अनेक स्टॉल लगाई गई हैं।
डीपीएम रणविजय ने बताया कि फतेहाबाद में हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत समूह बनाने का काम वर्ष 2014 में खंड फतेहाबाद के गांव बीघड़ से 25 मई 2014 को महालक्ष्मी स्वयं सहायता समूह के गठन के साथ हुई है। जिला के सभी खंडों में 2306 स्वयं सहायता में 25804 महिलाएं समूह से जुड़ी हैं। स्वयं सहायता समूहों का निर्माण कर 127 ग्राम संगठनों व 7 महिला क्लस्टर संगठन व आजीविका महिला महासंघ जिला स्तरीय संगठन का गठन किया जा चुका है।