डीसी और एडीसी ने किया रैन बसेरों का निरीक्षण
उपायुक्त डा. जेके आभीर ने विभिन्न स्थानों पर बने रैन बसेरो
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद :
उपायुक्त डा. जेके आभीर ने विभिन्न स्थानों पर बने रैन बसेरों का शुक्रवार की रात को औचक निरीक्षण किया। अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर ¨सह जांगू भी इस दौरान उनके साथ थे। इस दौरान उन्होंने लोगों को ठंड से निजात दिलाने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को अच्छी व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। उपायुक्त डा. जेके आभीर ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों को ठंड से निजात दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में प्रशासन द्वारा पंचायत भवन व विभिन्न स्थानों पर रैन बसेरे बनाए गए हैं। रैन बसेरों में जिन अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं, वे पूरी जिम्मेदारी से अपनी ड्यूटी निभाएं। शिकायत मिलने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गरीब एवं निराश्रित व्यक्तियों को ठंड के प्रकोप से बचाने के लिए किए जाने वाले राहत कार्यों की जानकारी ली। डा. आभीर ने रेन बसेरों में शौचालय आदि में भी साफ-सफाई की जांच की। उन्होंने रैन बसेरे में प्रवास करने वाले लोगों से कहा कि वह नशे से दूर रहे और असामाजिक तत्वों की निगरानी कर प्रशासन को जानकारी भी दें। विभिन्न धर्मशालाओं में बनाए गए अस्थाई रैन बसेरों को लेकर उन्होंने धर्मशाला संचालकों को निर्देश दिए कि वे देर-सवेर आने वाले आगुन्तकों को आश्रय देने में आनाकानी न करें।