थाने पहुंचा सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी का मामला
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल की टोहाना शाखा ने सोशल मीडिया पर फर्जी
संवाद सूत्र, टोहाना : हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल की टोहाना शाखा ने सोशल मीडिया पर फर्जी आइडी बनाकर शहर के प्रतिष्ठित, सामाजिक, राजनैतिक व धार्मिक लोगों को टारगेट करते हुए उन पर अभद्र टिप्पणियां व दुष्प्रचार करने के विरोध में एक शिकायत शहर थाना में दी। जिसमें सोशल मीडिया पर फर्जी अकाऊंट संचालकों पर कार्रवाई करने की मांग की गई। थाना प्रभारी को सौंपी गई शिकायत में बताया गया कि काफी समय से फेसबुक, व्हाट्सएप आदि सोशल मीडिया पर कुछ असामाजिक लोगों द्वारा फर्जी अकाऊंट बनाकर दुष्प्रचार किया जा रहा हैं। जिसमें हाल ही में ऐसे फर्जी अकाऊंट में इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा के पारिवारिक कार्यक्रम के वीडियों को सोशल मीडिया में शेयर करके अभद्र टिप्पणी की गई। इसके अलावा नगर परिषद के पूर्व उपप्रधान रामकुमार सैनी को भी टारगेट कर उनके बारे में दुष्प्रचार किया गया। इसी प्रकार कई अन्य मामले में सामने आए हैं, जिससे शहर में भाईचारे की भावना को ठेस पहुंचती है, वहीं प्रतिष्ठित लोगों की छवि भी खराब होती है। उन्होंने पुलिस को बताया कि फेसबुक, वाट्सएप पर हमारा टोहाना, टोहाना की बुलंद आवाज, जागो भारत, खबर टोहाना, टोहाना की राजनीति आदि नामों से कई फर्जी अकाऊंट बने हैं। जिन पर लगाम कसी जानी चाहिए। इस मौके पर व्यापार मंडल के संरक्षक रमेश गोयल, प्रधान राजेंद्र ठकराल, प्रदेश संगठन सचिव जगदीश पाहवा, मूलचंद बतरा, राजेंद्र बिल्ला, बलदेव सैनी, जोनी मेहता, अशोक मेहता, नवल ¨सह, संजय सपड़ा, विनोद बतरा, राजीव खुराना, सन्नी मेहता, अजय वर्मा, शंकर भरेजा आदि उपस्थित थे।