पराली जलाने पर चार किसानों पर मामला दर्ज, लोकेशन कर रही ट्रेस
पुलिस कृषि विभाग की शिकायत पर पराली जलाने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर रही है। कृषि विभाग ने काफी समय पहले ये शिकायत दे रखी थी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई की दिशा में कदम बढ़ाया है।
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद :
पुलिस कृषि विभाग की शिकायत पर पराली जलाने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर रही है। कृषि विभाग ने काफी समय पहले ये शिकायत दे रखी थी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई की दिशा में कदम बढ़ाया है।
पुलिस को दी शिकायत में कृषि अधिकारी संजय नागर ने बताया कि उन्होंने गांव गोरखपुर का निरीक्षण किया तो एक किसान ने पराली में आग लगा रखी थी। जिसके बाद पुलिस एक किसान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा कृषि अधिकारी महेंद्र पाल की शिकायत पर गांव धोलू के तीन किसानों पर पराली जलाने पर मामला दर्ज किया है। जिले में अब तक 329 किसानों पर मामला दर्ज किया जा चुका है। अब धान कढ़ाई का काम लगभग पूरा हो गया है। वहीं कृषि अधिकारियों की माने तो दो तीन दिन जैसे ही धूप निकलेगी और पराली सुखेगी तो किसान फिर से आग लगा सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कृषि अधिकारी खेतों का निरीक्षण कर रहे है। वहीं हरसेक से अब तक 1600 से अधिक की लोकेशन मिल चुकी हैं। कृषि अधिकारी मौके पर जाकर इसकी जांच कर रहे है। इसके अलावा अधिकारी दावा कर रहे है कि 40 फीसद लोकेशन फेक मिल रही है। हरसेक उसकी लोकेशन लेता है जहां आग लगी होती है। जहां कृषि अधिकारी गए है वहां घास आदि में आग लगी पाई है। ऐसे में इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकती। कृषि अधिकारियों की माने तो इस बार किसानों ने पराली में कम आग लगाई है।