एडीसी ने स्वीप कार्यक्रम को लेकर ली बैठक, दिए निर्देश
जागरण संवाददाता फतेहाबाद सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) अभियान के नोड
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद: सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) अभियान के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त महावीर प्रसाद ने आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को अधिक से अधिक जागरूक करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अपने कार्यालय में इस अभियान से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक लेकर उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अभियान में युवाओं और छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी इस अभियान से जोड़ा जाए और उनकी विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित करें।
एडीसी ने राहगीरी कार्यक्रम में भी इस विषय को शामिल करने पर बल दिया और कहा कि यह एक संदेशपरक कार्यक्रम है। इसलिए मतदाता जागरूकता अभियान भी इसमें जोड़ा जाए। लोगों को बताया जाए कि लोकतंत्र में उनके मत का क्या महत्व है। एडीसी ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां गांव से लेकर देश तक के सरकार का चयन लोगों द्वारा किया जाता है, इसलिए हर मतदाता को अपने वोट का महत्व समझना चाहिए। इस अभियान में कॉलेज और सामाजिक संस्थाओं को भी भागीदार बनाया जा रहा है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने वोट का अवश्य सदुपयोग करें, क्योंकि एक मजबूत लोकतंत्र की नींव मताधिकार से ही होती हैं। युवा वर्ग लोकतंत्र की मजबूत बुनियाद है। लोकतंत्र तभी शक्तिशाली बनेगा, जब सभी अपना वोट बनवाएं और अपने मत का प्रयोग करें। उन्होंने नागरिकों से कहा कि जब भी देश में चुनाव हो चाहे लोकसभा, विधानसभा, पंचायत या नगरपालिका के अपने मत का प्रयोग अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि जब सब की भागीदारी होगी तो हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा। आज हमें यह प्रण करना है कि घर-घर साक्षरता ले जाएंगे, मतदाता को जागरूक बनाएंगे।