विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहाबाद में 5 दिन बाद 20 फीट गहरे सीवरेज टैंक में जिंदा मिला लापता राजमिस्त्री, लोगों ने सुनी कराहने की आवाज

Published: Mon, 14 Sep 2026 10:29 PM (IST)

फतेहाबाद के धारसूल कलां गांव से लापता राजमिस्त्री गेलीराम पांच दिन बाद अनाज मंडी के 20 फीट गहरे सीवरेज टैंक में जीवित मिला।

फतेहाबाद में 5 दिन बाद 20 फीट गहरे सीवरेज टैंक में जिंदा मिला लापता राजमिस्त्री। फाइल फोटो

फतेहाबाद में 5 दिन बाद 20 फीट गहरे सीवरेज टैंक में जिंदा मिला लापता राजमिस्त्री। फाइल फोटो


HighLights

  1. राजमिस्त्री गेलीराम 5 दिन बाद सीवरेज टैंक में मिला।

  2. धारसूल अनाज मंडी में 20 फीट गहरे टैंक से बचाया गया।

  3. प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

संवाद सूत्र, कुलां (फतेहाबाद)। गांव धारसूल कलां से पांच दिन पहले रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुआ राजमिस्त्री गेलीराम आखिरकार जिंदगी और मौत से जूझते हुए धारसूल अनाज मंडी परिसर में करीब 20 फीट गहरे बंद पड़े सीवरेज टैंक में जिंदा मिल गया।

पिछले पांच दिनों तक बिना भोजन-पानी के टैंक में पड़े रहने के बावजूद उसके जीवित मिलने से स्वजन ही नहीं, बल्कि ग्रामीण भी अचंभित हैं। गेलीराम टैंक के तल में जमा दो-तीन फीट गंदे पानी में पड़ा हुआ था, जिससे उसके हाथ-पैरों की त्वचा गलने लगी थी और भोजन-पानी न मिलने से वह बेहद कमजोर हो चुका था।

यहां बता दें कि मार्केटिंग बोर्ड ने अनाज मंडी में एक सीवर टैंक बनाया हुआ है जिसका ढ़क्कन खुला पड़ा था। विभाग की इसी लापरवाही के चलते मानसिक रूप से बीमार राजमिस्त्री गेलीराम टैंक में गिर गया।

सैर पर निकले ग्रामीण की सतर्कता से बची जान

घटना का पता सोमवार सुबह उस समय चला, जब गांव का एक व्यक्ति अनाजमंडी की ओर मार्निंग वाक के लिए निकला। मंडी परिसर से गुजरते समय उसे गहरे टैंक से किसी के कराहने की धीमी आवाज सुनाई दी। नीचे झांककर देखने पर व्यक्ति बदहवास हालत में पड़ा दिखाई दिया।

सूचना मिलते ही स्वजन और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद गेलीराम को 20 फीट गहरे टैंक से बाहर निकाला। उसे जिंदा देखकर स्वजनों के आंसू छलक पड़े।

नहरों-रजवाहों में खाक छान रहे थे परिजन, प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा रेफर

मानसिक रूप से परेशान चल रहे गेलीराम के लापता होने पर स्वजन को अनहोनी की आशंका सता रही थी। वे पिछले दो-तीन दिनों से गोताखोरों की मदद से आसपास की नहरों और रजवाहों में उसकी तलाश कर रहे थे।

बंद टैंक से सुरक्षित बाहर निकालने के बाद गेलीराम को तत्काल टोहाना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डाक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।