डॉक्टर खेल रहे हैं रेफर का खेल और मरीज की बनी रेल
नागरिक अस्पताल में भर्ती लावारिस मरीज के प्रति डॉक्टरों का अमानवीय पहलू देखने को मिला। मरीज दर्द से करहा रहा था लेकिन डॉक्टरों द्वारा उसके साथ तीन दिन से रेफर का खेल खेला जा रहा है।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : नागरिक अस्पताल में भर्ती लावारिस मरीज के प्रति डॉक्टरों का अमानवीय पहलू देखने को मिला। मरीज दर्द से कराह रहा था, लेकिन डॉक्टरों द्वारा उसके साथ तीन दिन से रेफर का खेल खेला जा रहा है। मरीज को नागरिक अस्पताल से दिल्ली सफदरजंग रेफर किया जा रहा है और दिल्ली के डॉक्टर उसे वापस फरीदाबाद भेज देते हैं।
अभी तक मरीज का दिल्ली और फरीदाबाद में कहीं पर भी इलाज नहीं दिया गया है। मरीज के पैर में कीड़े पड़े हुए हैं। इसकी वजह से उसके पैर से बदबू आ रही थी। इसकी वजह से इमरजेंसी में भर्ती अन्य मरीजों को परेशानी हो रही थी।
निश्शुल्क सेवा वाहन के संचालक सतीश चोपड़ा ने बताया कि उनके पास तीन दिन पूर्व उन्हें नागरिक अस्पताल के पार्क में लावारिस मरीज के गंभीर हालत में पड़े होने की सूचना मिली थी। उन्होंने मरीज को नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया था। यहां पर डॉक्टरों ने मरीज के पैर में कीड़े होने की पुष्टि की थी।
तारपीन के तेल से कीड़ों को साफ करके पट्टी करवा दी गई। इसके बाद लावारिस मरीज को दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन दिल्ली के डॉक्टरों ने उसे भर्ती नहीं किया और उसे वापस नागरिक अस्पताल छोड़ दिया गया। उसके बाद उसकी दोबारा से तारपीन के तेल से पट्टी करने के बाद उसको दोबारा से दिल्ली के लिए रेफर किया। तब भी उसको भर्ती नहीं किया गया। जिसके बाद रविवार को वह इमरजेंसी के बेड नंबर एक पर भर्ती किया गया।
मरीज के पैर में कीड़े होने की वजह से इमरजेंसी में बदबू हो रही थी। मरीजों व स्टाफ के कहने पर ड्यूटी पर तैनात डॉ. रोहित गौड़ ने लावारिस मरीज को तीसरी बार फिर एमएलआर कटवा कर रेफर कर दिया। डॉ. रोहित गौड़ ने बताया कि मरीज का इलाज नागरिक अस्पताल में संभव नहीं है। इसलिए उसे दिल्ली रेफर किया था।