सूरजकुंड मेले में सजीव होगी छत्रपति शिवाजी की शौर्यगाथा
सूरजकुंड मेले में इस बार महाराष्ट्र के लोकप्रिय छत्रपति शिवाजी महाराज के विभिन्न रूप चित्रों के माध्यम से देखने को मिलेंगे। मेला परिसर में रायगढ़ के सुप्रसिद्ध किले का कार्य भी जोर शोर से चल रहा है।
ओम प्रकाश पांचाल, फरीदाबाद : सूरजकुंड मेले में इस बार महाराष्ट्र के लोकप्रिय छत्रपति शिवाजी महाराज के विभिन्न रूप चित्रों के माध्यम से देखने को मिलेंगे। मेला परिसर में रायगढ़ के सुप्रसिद्ध किले का कार्य भी जोर शोर से चल रहा है। महाराष्ट्र पर्यटन विभाग के आर्ट डायरेक्टर अजीत दांडेकर ने बताया कि थीम स्टेट अपना घर पहली बार दो मंजिला बनाया जा रहा है। जिसे महाराष्ट्र वाड़ा का नाम दिया गया है। मेले के दौरान इसमें मराठी परिवार निवास करेगा और दर्शकों को मराठी संस्कृति खान पान एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी देगा। इसके अलावा विभिन्न चार गेट पर एक में महाराष्ट्र संत समर्थ स्वामी रामदास, तुकाराम, नामदेव जैसे संतों के चित्र उकेरे जाएंगे। दूसरे गेट पर दिवाली, दशहरा जैसे त्योहार, तीसरे गेट पर आदिवासी पें¨टग वार्ली आर्ट से अवगत कराया जाएगा। चौथे गेट को पुणे स्थित शनिवार वाड़ा की तर्ज पर बनाया जाएगा, जो बाजीराव मस्तानी की याद दिलाएगी। चारमीनार गेट के पास सड़क किनारे मुंबई की मशहूर मरीन ड्राइव की गगनचुंबी इमारतों के बीच प्रसिद्ध हस्तियों के कटआउट लगाए जाएंगे।