दिल्ली-NCR में सिलसिलेवार Blast के लिए खरीदी जा रही थीं पुरानी कार, फरीदाबाद से आठ कारों का करना था इंतजाम
दिल्ली-एनसीआर में धमाकों के लिए आतंकी पुरानी कारें जुटा रहे थे। फरीदाबाद से आठ कारों का इंतजाम करना था, जिनमें ...और पढ़ें

आतंकी डॉ. शाहीन, फरीदाबाद में उसका फ्लैट और ब्रेजा कार।
HighLights
फरीदाबाद से आठ कारें जुटाने की योजना।
विस्फोटक सामग्री के लिए कारों का इस्तेमाल।
पुलिस की सघन चेकिंग अभियान जारी।
प्रवीन कौशिक, फरीदाबाद। दिल्ली-एनसीआर में सिलसिलेवार धमाकों के लिए आतंकियों की ओर से पुरानी कारों को इकट्ठा किया जा रहा था। फरीदाबाद से आठ कारों का जुगाड़ करना था। चार का हो गया था, जिनमे से एक कार डीलर से खरीद ली थी, बाकी चार के लिए डीलरों से आतंकी संपर्क कर रहे थे।
कुछ का सौदा लगभग हो गया था, लेकिन भुगतान नहीं किया जा सका, तभी दिल्ली में धमाका हो गया। पुलिस ने चार कार बरामद कर ली हैं। पुलिस को आशंका है कि इस तरह की कुछ और कार भी जिले में हो सकती हैं। इसलिए पुलिस सघन चेकिंग में जुटी है। मुख्य रूप से बार्डर पर निगरानी की जा रही।
हर आने-जाने वाले वाहनों को रुकवाकर जांच की जा रही है। मालिक का आधार कार्ड व आरसी देखी जा रही है। इतना ही नही पुलिस की टीमों ने कई कार डीलरों से भी संपर्क किया है। उनसे एक महीने के अंदर कार खरीदने व बेचने का रिकार्ड मांगा है।
इस तरह कारों का किया था जुगाड़
दिल्ली में लाल किला के सामने हुए धमाके में आई-20 कार फरीदाबाद के सेक्टर-37 स्थित रायल कार जोन से 29 अक्टूबर को खरीदी गई थी। यह कार तारीक ने खरीदी थी लेकिन इसे आगे डाॅ. उमर को बेच दिया गया था। दस्तावेज पूरे न होने की वजह से कार उमर के नाम नहीं आ सकी थी। इसी मामले में डाॅ. शाहीन को गिरफ्तार कर उसकी स्विफ्ट कार बरामद की गई थी, जिसमें एके-47 राइफल थी।
यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस ने की थी। इसी कार में राइफल के अलावा पिस्टल और गोलियां बरामद की थीं। यह बरामदगी लाल किला पर हुए आतंकी हमले से जुड़ी हुई थी। शाहीन ने यह कार पुरानी ही खरीदी थी। मकसद धमाकों में कार का इस्तेमाल करना ही था।
तीसरी कार बु़धवार रात को फरीदाबाद के खंदावली गांव में मिली। यह कार डाॅ. उमर नबी बट के नाम थी। इसी कार से विस्फोटक सप्लाई किया गया था। चौथी ब्रेजा कार बृहस्पतिवार को यूनिवर्सिटी में डाक्टरों की रिहायशी परिसर से बरामद की गई। यह कार डा. शाहीन की है।
जिसे उसने सितंबर 2025 में खरीदा था। इस तरह चार कारों की संलिप्तता सामने आई। बाकी चार कार का इस्तेमाल भी धमाके के रूप में किए जाने की सूचना भी पुलिस के पास है।
स्विफ्ट कार में लाता था विस्फोटक
डाॅ. शाहीन की स्विफ्ट कार का इस्तेमाल विस्फोट लाने के लिए किया जाता था। इस कार को डाॅ. मुजम्मिल प्रयोग करता था। डाॅ. मुजम्मिल और डाॅ. शाहीन की गहरी दोस्ती थी। इसलिए वह मुजम्मिल को कार दे देती थी। सूत्र बताते हैं कि जो विस्फोटक बाहर से आता था, वह इसी कार में लाकर धौज में लिए गए किराये के कमरे तक पहुंचाया जाता था।
अब पुलिस हुई सतर्क, कर रही जांच
एक के बाद एक कार बरामद होने से जिला पुलिस भी सतर्क हो गई है। हाईवे से लेकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे व बाॅर्डर से सटे हुए नाकों पर वाहनों की जांच शुरू हो गई है। इस काम के लिए 500 पुलिसकर्मी जुट गए हैं जो देर रात तक सड़कों पर रहते हैं। पुलिस की टीमें धौज व फतेहपुर तगा गांव के आसपास भी जांच कर रही हैं। आशंका है कि अभी एक-दो कार और यहीं आसपास हैं।
पुरानी कार बेचने व खरीदने वाले डीलरों को सावधान होने की जरूरत है। बिना पुख्ता दस्तावेज के कार न बेचे। पुलिस अब विशेष निगरानी कर रही है। इतना ही नहीं संदिग्ध क्षेत्रों की भी निगरानी रखी जा रही है। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
