फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा, लोगों को बचाने में पुलिस इंस्पेक्टर की हुई मौत, कई घायल
फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में शनिवार को दो हादसे हुए। एक झूले के टूटने से लोगों को बचाते हुए इंस्पेक्टर ...और पढ़ें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, फरीदाबाद। विश्वप्रसिद्ध सूरजकुंड मेले में शनिवार को दो हादसों ने लोगों को दुखी कर दिया। मेला परिसर में लगा एक झूला टूटता देख वहां खड़े लोगों को बचाने पहुंचे एक इंस्पेक्टर की इस हादसे में जान चली गई। वहीं, दुर्घटना में करीब आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पहले दोपहर के समय मेले का दूसरे नंबर का प्रवेश द्वार गिर गया था। इससे वहां मौजूद एक बच्चा और एक अधेड़ घायल हो गए थे।
झूले और प्लेटफॉर्म के बीच फंसी गर्दन
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक, एम्यूजमेंट पार्क में झूले के पास ड्यूटी दे रहे पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की इस हादसे में जान चली गई। बताया जा रहा है कि झूला पहले बायीं तरह तरफ गिराता दिखा। हादसे को भांपते हुए इंस्पेक्टर जगदीश ने जैसे ही वहां खड़े लोगों को हटाने की कोशिश की तो झूला एकाएक दायीं तरफ झूक गया और झूले और प्लेटफॉर्म के बीच में इंस्पेक्टर की गर्दन आ गई।
घायलों में एक और पुलिसकर्मी
इस हादसे में वे बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस दुर्घटना में चार घायलों को एम्बुलेंस की मदद से बीके अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें एक राजेश नाम का पुलिसकर्मी भी है। फरीदाबाद के डीसी आयुष सिन्हा भी जानकारी मिलते ही मेला परिसर पहुंचे। उन्होंने कहा है कि मामले की जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चश्मदीद ने बताया कैसे हुआ हादसा?
हादसे के पास ही फूड स्टॉल लगाने वाले श्रवण कुमार ने बताया कि लोग झूले में झूल रहे थे। शनिवार का दिन और शाम का समय होने के कारण वहां खचाखच भीड़ बनी हुई थी। इसी बीच अचानक झूले का एक सिरा टूट गया। हम लोग तुरंत ही वहां लोगों की मदद करने के लिए पहुंचे। हादसे के बाद चारों ओर अफरातफरी का माहौल सा बन गया था।

कौन हैं जांबाज इंस्पेक्टर जगदीश?
इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पलवल में चांटहट थाने में तैनात थे। कुछ दिन पहले ही ट्रांसफर कर उनको पुलिस लाइन में तैनात किया गया था। वह उत्तर प्रदेश के जिला मथुरा के रहने वाले थे। वे दो महीने पहले ही ट्रांसफर होकर सोनीपत से आये थे। 15 दिन पहले चांटहट थाने से तबादला कर उन्हें पुलिस लाइन में लगाया गया था। वे मूलत: मथुरा के ढींगरा गांव के रहने वाले थे।
मेला छोड़कर लोग रवाना हुए अपने घर
इस बड़े हादसे के बाद मची अफरातफरी को देखते हुए सूरजकुंड मेले में शाम का मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम रद करना पड़ा। मेला परिसर में बनाए गए मुख्य चौपाल के मंच पर गायक नवीन पूनिया और स्टैंड अप कॉमेडियन अमित टंडन की प्रस्तुति होने वाली थी। वहीं, सप्ताहांत को देखते हुए मेले का लुत्फ लेने पहुंचे लोग भी अपने घर रवाना होने लगे।

फोरेंसिट टीम कर रही जांच
मेले में झूला टूटने का वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ पल पहले झूले में झूलते लोगों को देखकर जहां लोग ठहाके लगा रहे थे, वहीं एक हादसे के बाद वहां चारों ओर चीख पुकार मच गई। घटना के कारणों की जांच करने के लिए फोरेंसिक टीम भी पहुंची। वहां उन्होंने हादसे के कारणों की सच्चाई जानने के लिए साक्ष्य भी जुटाने शुरू कर दिये हैं।

दोषी पर की जाएगी सख्त कार्रवाई
"सूरजकुंड मेले में शाम साढ़े बजे एक झूला टूटने से करीब 13 लोग घायल हुए हैं। वहीं, एक इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की लोगों को बचाने का प्रयास करते हुए जान चली गई। घायलों का इलाज किया जा रहा है। मेले में झूला लगाने वाले व्यापारी पर जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
-आयुष सिन्हा, डीसी, फरीदाबाद
यह भी पढ़ें- हरियाणा के सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा, झूला टूटने से कई लोग घायल; आयोजकों पर उठ रहे सवाल
