वाटर कूलर ताले में, खिलाड़ी तरस रहे हैं पानी के लिए
भैंसरावली रोड स्थित तिगांव के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में काफी खिलाड़ी अभ्यास करते हैं।
जागरण संवाददाता, तिगांव : भैंसरावली रोड स्थित तिगांव के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में काफी समय से पेयजल संकट है। यहां अभ्यास करने वाले सैकड़ों युवा रोज पानी को तरसते रहते हैं। जिला खेल अधिकारी अनीता भाटिया को कई बार इस संबंध में शिकायत दी गई। विधायक राजेश नागर ने भी इस बारे में खेल अधिकारी को कहा था। इसके बावजूद अभी तक समाधान नहीं हो सका है। कई युवा अपने घर से बोतल में पानी लाते हैं, लेकिन ये जल्दी खत्म हो जाता है। युवाओं को अभ्यास छोड़ पानी के लिए घर जाना पड़ रहा है। इसे लेकर रोष है।
बैडमिटन का अभ्यास करने वाले चंदर कौशिक व अमरजीत कौशिक ने बताया कि उमस भरी गर्मी की वजह से पसीना खूब निकलता है। इसलिए प्यास भी खूब लगती है। गला सूख जाता है। जो पानी घर से लाते हैं, वह कुछ ही देर में गर्म हो जाता है। इसके बावजूद इसे पीते हैं। साथी भी पानी मांग लेते हैं तो ये जल्दी खत्म हो जाता है। खेल के प्रति तो सरकार काफी गंभीर है लेकिन अधिकारी सरकार की छवि धूमिल कर रहे हैं। खेल स्टेडियम में वाटर कूलर है, लेकिन यह स्टोर के अंदर बंद है। बाहर ताला लगा हुआ है। यहां चौकीदार भी नहीं है जो स्टोर के ताले को खोल दे। सुरक्षा व्यवस्था भी रामभरोसे है। बीरू नागर, रोहित गर्ग, चंकी पाराशर, नितिन नागर, तनूप कौशिक, सुखबीर अधाना ने बताया कि एक बार फिर से विधायक से शिकायत की जाएगी। अबकी बार लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई का आग्रह किया जाएगा। इस संबंध में जिला खेल अधिकारी अनीता भाटिया को कई बार फोन किए गए, लेकिन उन्होंने पिक नहीं किया। विधायक राजेश नागर ने कहा कि पेयजल समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा।