युगम लखानी और रेनू बने सर्वश्रेष्ठ एथलीट
डीएवी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में युगम लखानी ने पुरुष वर्ग में और रेनू ने महिला वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी होने का गौरव हासिल किया।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : डीएवी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में युगम लखानी ने पुरुष वर्ग में और रेनू ने महिला वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी होने का गौरव हासिल किया। खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देने के लिए मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और विशिष्ट अतिथि डीएवी सीएमसी के उपाध्यक्ष प्रबोध महाजन विशेष रूप से पहुंचे। एशियाई खेलों के पदक विजेता निशानेबाज लक्ष्य श्योराण ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। इस मौके पर डीएवी शताब्दी कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सतीश आहूजा, डीएवी स्कूल की प्रधानचार्या ज्योति दहिया ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। संस्थान के प्राचार्य डॉ.संजीव शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रबोध महाजन ने प्रतियोगिता का झंडा फहराया और मार्च पास्ट की सलामी लेते हुए गुब्बारे छोड़ कर प्रतियोगिता का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। खिलाड़ियों ने 100, 200, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, शॉट पुट, रिले रेस और कई और मजेदार खेल जैसे रस्साकशी, बोरी रेस, चम्मच नींबू दौड़, तीन पैर वाली दौड़ और म्यूजिकल चेयर में भाग लिया। समापन समारोह में विधायक सीमा अश्वनी त्रिखा ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।