विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद: राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी खबर, 10 लाख लोगों को बाजरे की जगह मिलेगा 1 Kg गेहूं

Published: Thu, 08 Oct 2026 04:02 PM (GMT+05:30)

बाजरा खरीद न होने से अक्टूबर में नहीं मिला राशन। फरीदाबाद की सरकारी राशन दुकानों पर जल्द पहुंचेगा गेहूं।

अब मिलेगा अतिरिक्त एक किलो गेहूं।

 अब मिलेगा अतिरिक्त एक किलो गेहूं।

HighLights

  1. बाजरा खरीद न होने से अक्टूबर में नहीं मिला राशन

  2. 10.10 लाख सदस्यों को अब मिलेगा अतिरिक्त एक किलो गेहूं

  3. फरीदाबाद की सरकारी राशन दुकानों पर जल्द पहुंचेगा गेहूं

सुधीर बैसला, फरीदाबाद। समय पर खरीदी नहीं हो पाने के कारण सरकारी राशन दुकानों पर अक्टूबर माह में वितरित किया जाने वाला बाजरा नहीं बांटा जा सका।

बाजरे से वंचित रहे 10.10 लाख राशन कार्ड सदस्यों को अब प्रति सदस्य एक किलो गेहूं मिलेगा। बाजरे के बदले गेहूं वितरित किए जाने को लेकर खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश जारी किए गए हैं। जोन स्तर पर अतिरिक्त गेहूं का जल्द उतरान होगा। खास बात यह है कि जिले में कई ऐसे डिपो होल्डर हैं, जिन्होंने बाजरे के इंतजार में सितंबर व अक्टूबर महीने का गेहूं वितरित नहीं किया था।

फरीदाबाद जिले में कितनी राशन की दुकानें?

बता दें, फरीदाबाद जिले में 645 सरकारी राशन की दुकानें हैं। इन दुकानों पर एनआइटी फरीदाबाद, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ तीन जोनों में 10.10 लाख राशन कार्ड सदस्य हैं। इन्हें प्रति सदस्य पांच किलो गेहूं दिया जाता है।

चूंकि, सितंबर व अक्टूबर महीने का राशन सरकार के आदेश पर सितंबर माह में डिपो होल्डरों के पास पहुंचा दिया था, लेकिन पहुंचाए गेहूं में एक किलो की मात्रा कम थी, क्योंकि तब प्रत्येक सदस्य को एक किलो बाजरा दिया जाना था।

इस बीच फरीदाबाद के तीनों जोनों में कुछ डिपो होल्डरों ने दो महीने का गेहूं नौ किलो प्रति सदस्य के हिसाब से राशन उपभोक्ताओं में बांट दिया, कुछ डिपो होल्डर ऐसे हैं, जिन्होंने बाजरा आने के इंतजार में गेहूं वितरित नहीं किया था। अब बाजरे की सरकारी खरीद न हो पाने पर बाजरा वितरण स्कीम को वापस ले लिया गया है।

10 अक्टूबर तक राशन की दुकानों पर गेहूं

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग स्टॉक लिस्ट तैयार करके सभी डिपो होल्डराें के पास एक किलो प्रति सदस्य के हिसाब से गेहूं पहुंचाने के लिए रिलीज ऑर्डर जारी करने की कवायद में जुटा है। संभवतया 10 अक्टूबर तक 10.10 लाख किलो गेहूं राशन की सभी दुकानों पर पहुंचेगा।

स्टॉक रजिस्टर के अनुसार सितंबर महीने का राशन लगभग सभी डिपो होल्डर बांट चुके हैं। अक्टूबर महीने का गेहूं हैं, जो कुछ डिपो होल्डरों ने नहीं बांटा है। वे बाजरे के इंतजार में थे लेकिन अब उन्हें गेहूं देकर इसी महीने पूरा राशन बंटवा दिया जाएगा।

- वीरेंद्र भाटी, सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, फरीदाबाद।

यह भी पढ़ें- बेगूसराय के 4 पंचायतों में खुलेंगी नई राशन दुकानें, 30 जून तक करें आवेदन