राष्ट्रीय शूटर की .22 रेपिड फायर पिस्टल चोरी
जासं फरीदाबाद यहां सेक्टर-46 में किराए के मकान में रह रहे मेरठ निवासी राष्ट्रीय शूटर उत्तम सिंह की .22 रेपिड फायर पिस्टल चोरी हो गई।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : यहां सेक्टर-46 में किराए के मकान में रह रहे मेरठ निवासी राष्ट्रीय शूटर उत्तम सिंह की .22 रेपिड फायर पिस्टल चोरी हो गई। पिस्टल की कीमत करीब सवा लाख रुपये बताई गई है। उत्तम सिंह दिल्ली स्थित कर्णी सिंह शूटिग रेंज में प्रेक्टिस करते हैं। करीब दो महीने पहले उन्होंने यहां सेक्टर-46 में किराए का मकान लिया था। यहीं से वे प्रेक्टिस के लिए जाते थे। अपनी पिस्टल उन्होंने मकान में लाकर रखी हुई थी। बीच-बीच में कुछ दिन वे दोस्तों के घर पर भी रुक जाते थे। 13 से 16 अक्टूबर के बीच वे सेक्टर-46 नहीं आए। इसके बाद आए तो पाया कि उनके कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पिस्टल के चोरी होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी एएसआइ भीम सिंह ने बताया कि चोर विडो एसी हटाकर उसकी खिड़की से कमरे में घुसे। इसके बाद चोरी कर फरार हो गए। जहां उत्तम सिंह ने मकान किराए पर लिया है, वहां आस-पास कई मकान खाली पड़े हैं, इसके अलावा खाली प्लॉट भी हैं। यह मकान एकांत में है, इसलिए चोरों ने इसे निशाना बनाया। एएसआइ भीम सिंह के मुताबिक चोरों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।