राजीव गांधी ने देश की एकता-अखंडता के लिए दिया बलिदान : उदयभान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि 31 साल पहले भारत रत्न राजीव गांधी ने बलिदान दिया था।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि 31 साल पहले भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने देश की एकता-अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। उनसे पहले उनकी माता पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने प्राणों का बलिदान दिया था। किसी भी पार्टी के लिए इससे बड़ा राष्ट्र भक्ति दिखाने का सबूत नहीं हो सकता है। भाजपा कांग्रेस से राष्ट्र भक्त होने का सबूत मांगती है।
प्रदेश अध्यक्ष ओल्ड फरीदाबाद महाराजा अग्रसेन भवन में राजीव गांधी की 31वीं पुण्य तिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बोल रहे थे। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ओल्ड फरीदाबाद चौक पर राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस कार्यक्रम का प्रदेश कांग्रेस की तरफ से वरिष्ठ नेता लखन सिगला ने आयोजन किया। इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष को कार्यकर्ताओं ने चरखा भेंट किया।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, पूर्व विधायक ललित नागर, बड़खल विधानसभा क्षेत्र से रहे कांग्रेस प्रत्याशी विजय प्रताप सिंह, मोहम्मद इसराइल, महिला सेवादल की प्रदेशाध्यक्ष सुनीता शर्मा, सेवादल की प्रदेशाध्यक्ष पूनम चौहान, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार कुरैशी, पूर्व पार्षद जगन डागर, पंडित योगेश गौड़, प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़, गिरीश भारद्वाज, राजेंद्र भामला, पूर्व पार्षद अनिल शर्मा, रोहित सिगला, रेनू चौहान, राजेश खटाना एडवोकेट, अनीशपाल, गजना लांबा मौजूद थी।