पौधों से बच्चों जैसा प्यार व माता-पिता की तरह करें सेवा : मनोहर लाल - Faridabad News
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वक्त की जरूरत है और जो पौधों की वृक्ष बनने तक रक्षा करेंगे वही पेड़ उन्हें जीवन भर स्वस्थ रखने में भी सहायक होंगे।
फरीदाबाद, जेएनएन। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पौधों से बच्चों की तरह प्यार करने और माता-पिता की तरह सेवा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वक्त की जरूरत है और जो पौधों की वृक्ष बनने तक रक्षा करेंगे, वही पेड़ उन्हें जीवन भर स्वस्थ रखने में भी सहायक होंगे।
मुख्यमंत्री रविवार को जलशक्ति व पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत कन्वेंशन सेंटर में फरीदाबाद नवचेतना ट्रस्ट, एचएसवीपी, फरीदाबाद नगर निगम, भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित सघन पौधारोपण अभियान एवं कला समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने उद्योग मंत्री विपुल गोयल के साथ टाउन पार्क सेक्टर-12 में पौधे भी लगाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मौजूदा समय में मात्र 3.5 फीसद वन क्षेत्र है, जबकि कई प्रदेशों में यह 25 से 30 फीसद है। विकास की गति के साथ-साथ प्रदेश में वन्य क्षेत्र को भी बढ़ाना सरकार का उद्देश्य है।
उन्होंने फरीदाबाद नवचेतना ट्रस्ट द्वारा पिछले कई सालों से पर्यावरण संरक्षण में शिद्दत से जुटने पर उद्योग मंत्री विपुल गोयल, संस्था अध्यक्ष डॉ.प्रशांत भल्ला व पूरी टीम को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह सरकार ने 2015 में बेटो बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और उसके बाद स्वच्छ भारत अभियान के कार्यक्रमों के जरिये प्रदेश में बेहतरीन शुरुआत की, उसी तरह अब हमें जल संरक्षण के लिए जलशक्ति अभियान व पर्यावरण संरक्षण अभियान को भी सफल बनाना है।
यह मानवता का कार्य है और भावी पीढि़यों के लिए एक बड़ा संकल्प है। समारोह को उद्योग मंत्री विपुल गोयल, डॉ.प्रशांत भल्ला, भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय मंत्री सुरेश जैन, भाजपा के जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा ने भी संबोधित करते हुए सभी से पानी बचाने व पौधे लगाने की अपील की।
इस अवसर पर विधायक सीमा त्रिखा, टेक चंद शर्मा, मूल चंद शर्मा, नगेंद्र भड़ाना, हरियाणा बंजर भूमि विकास बोर्ड के चेयरमैन अजय गौड़, जिला उपायुक्त अतुल कुमार, निगमायुक्त अनीता यादव, फरीदाबाद स्मार्ट सिटी की सीईओ डॉ.गरिमा मित्तल, हुडा प्रशासक सोनल गोयल, एफआइए प्रधान संजीव खेमका, उद्योगपति केसी लखानी, शम्मी कपूर, एचके बत्रा, सजन जैन, आरएस गांधी, ऋषि अग्रवाल उपस्थित थे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप