दिल्ली में रहने वाला नाइजीरियाई युवक करता था हेरोइन सप्लाई
पल्ला थाना क्षेत्र के छज्जन नगर में एक घर से 260 ग्राम हेरोइन बरामद होने के मामले में पुलिस ने एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम चिले इवान है। उसे दिल्ली के मोहन नगर से गिरफ्तार किया है।
फरीदाबाद, हरेंद्र नागर। पल्ला थाना क्षेत्र के छज्जन नगर में एक घर से 260 ग्राम हेरोइन बरामद होने के मामले में पुलिस ने एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम चिले इवान है। उसे दिल्ली के मोहन नगर से गिरफ्तार किया है। बता दें कि क्राइम ब्रांच डीएलएफ पुलिस ने बृहस्पतिवार को छज्जन नगर में भूपेंद्र नाम के व्यक्ति के घर छापा मारा था।
मौके से 260 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। भूपेंद्र को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि चिले इवान उसे हेरोइन देता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने आरोपित को धर दबोचा।
शनिवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। एसीपी सराय मौजीराम ने बताया कि आरोपित चिले इवान मेडिकल वीजा लेकर भारत आया था। वह नशे के कारोबार में कई साल से जुड़ा हुआ है। कुछ साल पहले पंजाब की पटियाला पुलिस उसे गिरफ्तार किया था। तब वह जमानत पर छूटा। इसके बाद फिर इसी धंधे से जुड़ गया। वह अदालत से भगौड़ा भी घोषित है। दिल्ली में वह छिपकर रह रहा था।
दिल्ली में मिला एक सप्ताह से लापता कारोबारी
एनआइटी क्षेत्र से एक सप्ताह से लापता कारोबारी को पुलिस की मिसिंग सेल ने दिल्ली के एक होटल से ढूंढ निकाला है। कारोबारी स्कूल बैग का काम करता है। लॉकडाउन के चलते व्यापार ठप होने व लेनदार बढ़ने के कारण वह घर पर कुछ बताए बिना चले गए थे। काफी तलाशने के बाद भी जब कारोबारी का कुछ पता नहीं चला तो पत्नी ने कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी थी।
पुलिस ने मामला मिसिंग सेल को भेज दिया। मिसिंग सेल के सिपाही चांद उसी दिन से कारोबारी की तलाश में जुटे थे। शुक्रवार को उन्हें दिल्ली करोलबाग में कारोबारी की लोकेशन मिली। वे तुरंत टीम के साथ रवाना हुए। एक घंटे तक 12 होटलों में पूछताछ के बाद उन्होंने कारोबारी को ढूंढ निकाला। पूछताछ में कारोबारी ने बताया कि कारोबार ठप होने व लेनदार बढ़ने के कारण वे काफी परेशान थे। उनकी समझ में कुछ नहीं आ रहा था, इसलिए चुपचाप होटल में जाकर ठहर गए।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो