मनचलों पर नकेल कसने के लिए 'ऑपरेशन दुर्गा' शुरू, टाउन पार्क में भगदड़
ऑपरेशन दुर्गा चलाने के लिए जब पुलिस की टीम सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में पहुंची तो वहां प्रेमी जोड़ो में भगदड़ सी मच गई।
फरीदाबाद [जेएनएन]। शहर में मनचलों की अब खैर नहीं। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर शुरू किए गए 'ऑपरेशन मजनू' की तर्ज पर फरीदाबाद पुलिस ने 'ऑपरेशन दुर्गा' शुरू कर दिया है। सोमवार को पहले दिन सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क और सेक्टर-16 स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय के आस-पास यह अभियान चलाया गया।
महिला थाना प्रभारी सुशील कुमार ने अभियान का नेतृत्व किया। पहले दिन पुलिस ने कोई भी मनचला नहीं पकड़ा। कोई आवारा घूमता मिला तो उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। अब यह अभियान लगातार 15 दिन तक शहर के प्रमुख स्कूल, कॉलेज, पार्कों व अन्य सार्वजनिक जगहों पर चलाया जाएगा।
टाउन पार्क में मची भगदड़
ऑपरेशन दुर्गा चलाने के लिए जब पुलिस की टीम सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में पहुंची तो वहां प्रेमी जोड़ो में भगदड़ सी मच गई। दरअसल टाउन पार्क में बड़ी संख्या में प्रेमी जोड़े एकांत में समय बिताने के लिए पहुंचते हैं और यहां एक दूसरे की गले में बांहें डाले बैठे दिखते हैं। पुलिस को देखकर प्रेमी जोड़ो को लगा कि कुछ गड़बड़ है, इसलिए वह दूसरे गेट से धीरे-धीरे खिसकने शुरू हो गए। इस दौरान पुलिस ने उन नाबालिग लड़कियों को रोका जो अपने दोस्तों के साथ आई हुईं थीं। उन्हें समझाया गया। उनके साथ लड़कों को भी हिदायत दी गई।
यह भी पढ़ें: पड़ोसी युवकों ने बनाया दंपती का विडियो, इंटरनेट पर किया बदनाम
महिला व युवतियों की सुरक्षा अहम
महिला थाना प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस आयुक्त डॉ. हनीफ कुरैशी के दिशा निर्देश पर यह ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य शहर में यह सुनिश्चित करना है कि महिला व युवतियां किसी भी समय कहीं भी बिना किसी डर के आ जा सकें। साथ ही वह यह भी सुनिश्चित करेंगी कि इस अभियान के दौरान किसी निर्दोष को तंग न किया जाए।
सुशील कुमार ने बताया कि यह अभियान लगातार 15 दिन तक चलाया जाएगा। हर रोज पुलिस की टीमें सादी वर्दी में स्कूल, कॉलेजों के बाहर तैनात की जाएंगी। जो भी मनचला युवतियों को छेड़ते हुए पाया जाएगा उसको मौके पर ही पकड़ लिया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बीवी ने शौहर को बताई रिश्तेदार की करतूत, जवाब मिला 'तलाक...तलाक...तलाक'