यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Faridabad Crime: शराब पीकर युवकों ने साथी को पीटकर मार डाला, एक महीने पहले हुआ था झगड़ा
फरीदाबाद के भनकपुर में दोस्तों ने मामूली विवाद में प्रदीप नामक युवक की हत्या कर दी। तीनों ने पहले साथ ...और पढ़ें

HighLights
- दोस्ती में खूनी खेल, मामूली विवाद में हत्या
- ढाबे पर खाना खाया, फिर शराब पीकर झगड़ा
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। तीन माह पहले दोस्ती हुई और एक माह पहली छोटी सी बात को लेकर तीन दोस्ताें में कहा-सुनी हुई। इसका बदला दो दोस्तों ने तीसरे दोस्त की हत्या करके लिया।
पलवल के कारना गांव के रहने वाले तीनों दोस्त रात को शराब पीने और एक साथ खाना खाने के बहाने घर से निकले और यहां सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में स्थित भनकपुर गांव के जाट चौक पर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने हत्या के आरोप में दो युवकों को हिरासत में लिया है। वैसे स्वजन की ओर से मामले में चार लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई है, जिसमें योगेश और पवन नामजद बाकी दो अन्य हैं।
कारना गांव के रहने वाले नवीन के अनुसार उसका भाई प्रदीप उर्फ गोलू पलवल के निजी अस्पताल में कर्मचारी था। प्रदीप की योगेश और पवन जो पलवल के कारना गांव के ही रहने वाले हैं के साथ तीन माह पहले दोस्ती हुई थी।
क्या है पूरा मामला?
करीब एक माह पहले प्रदीप की योगेश और पवन से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। तब उस बात को वहीं निपटा दिया गया था। प्रदीप भी झगड़े को भूल गया था। लेकिन योगेश और पवन मन में रंजिश रखने लगे थे।
शनिवार को योगेश और पवन ने दोपहर तीन बजे प्रदीप को फोन करके पलवल मेन बाजार में बुलाया। प्रदीप अपनी गाड़ी लेकर दोनों से मिलने के चला गया। बताया जा रहा है कि तीनाें ब्रेजा कार में घूमते हुए फिरोजपुर कलां पहुंचे। वहां पर दो अन्य युवकों को भी कार में बैठाया। इसके बाद चारों शराब पीते हुए भनकपुर जाट चौक के पास रात करीब 11 बजे के आसपास पहुंचे। वहां पर ढाबे में खाना भी खाया।
इसके बाद फिर गाड़ी में बैठ गए। इस दौरान किसी बात को लेकर योगेश और पवन की कहासुनी प्रदीप से हो गई। आरोप है कि प्रदीप को बुरी तरह से पीटा गया। उसे लहूलुहान कर झाड़ियों के पास फेंक कर फरार हो गए। रविवार की सुबह जब ग्रामीण रोजमर्रा के कार्य के लिए बाहर निकले तो रास्ते में शव देखा और पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने उसके पास से मिले मोबाइल के आधार पर पहचान कराई और स्वजन काे सूचित किया। स्वजन मौके पर पहुंचे। स्वजन का कहना है कि उनको आसपास के लोगों ने बताया कि प्रदीप को मारने के बाद उसके शव के पास बैठकर भी आरोपितों ने शराब पी। लेकिन पुलिस ने इस बात से इनकार किया।
सेक्टर-58 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे तो शव पड़ा हुआ था। जिसके बाद स्वजन से पूछताछ के बाद प्रदीप और योगेश को हिरासत में ले लिया गया। उनसे पूछताछ कर रही है कि हत्या की असल वजह क्या है। पुलिस इस मामले में यह पता कर रही है कि मामले में दो अन्य लोग कौन शामिल थे। उनकी तलाश की जा रही है।
