फरीदाबाद, एएनआइ। Faridabad Nagar Nigam Election 2022:- हरियाणा राज्य चुनाव आयोग ने निकाय चुनावों की घोषणा कर दी है। सोमवार को आयोग की ओर से सूचना दी गई कि निक निकाय चुनाव 19 जून 2022 को होंगे। मतगणना का काम 22 जून को होगा, उसके बाद रिजल्ट घोषित किए जाएंगे। मगर फरीदाबाद नगर निगम के चुनाव नहीं होंगे।
जानकारी के अनुसार फरीदाबाद नगर निगम और सात शहरी निकायों के चुनावों के लिए मतदाताओं को अभी इंतजार करना पड़ेगा। कारण यह कि अंबाला सदर नगर परिषद की वार्डबंदी में धांधली के चलते चुनाव आयोग ने नए सिरे से सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। अब जब फिर से वार्डबंदी हो जाएगी उसके बाद ही चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो पाएगी।
फरीदाबाद नगर निगम में भी वार्डबंदी का काम पूरा नहीं हो सका है। इसी तरह बाढ़डा, बादली और सीवन नगर पालिका में मतदाता सूचियों का काम पूरा नहीं हो पाया है। थानेसर और सिरसा नगर परिषद को लेकर सरकार ने आयोग को अभी तक कोई सूचना ही नहीं भेजी है। ऐसे में इन निकायों में चुनाव अगले चरण में होंगे।
फरीदाबाद नगर निगम का कार्यकाल फरवरी में पूरा हो चुका है। नियमों के हिसाब से कार्यकाल पूरा होने से पहले चुनाव कार्यक्रम जारी करना होता है, लेकिन पिछले दोनों टर्म से चुनावों में देरी हो रही है। इस बार भी निकायों के चुनाव लगभग एक साल देरी से हो रहे हैं। फरीदाबाद की वार्डबंदी के बाद वोटर लिस्ट का काम होगा।
50 निकायों में चुनाव की सिफारिश
मालूम हो कि राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से कुल 50 निकायों के चुनाव के लिए सिफारिश मिली थी। इनमें फरीदाबाद निगम के चुनाव अभी देरी से होंगे। बाढ़डा, बादली और सीवन नगर पालिका में मतदाता सूचियों का काम चल रहा है। यह पूरा होने के बाद ही चुनाव कार्यक्रम जारी हो सकता है।
इससे पहले अप्रैल माह में ही वार्ड के लिए ड्रा निकलने के साथ ही फरीदाबाद नगर निगम चुनाव की तैयारी शुरू हो गई थीं। वार्ड बंदी समिति की बैठक व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नगर निगम के 45 वार्डों के सामान्य, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए आरक्षित वार्ड के ड्रा निकाले जा चुके हैं। वार्ड बंदी समिति की सदस्यों में निवर्तमान महापौर सुमन बाला, निवर्तमान पार्षदों में धनेश अदलखा, ममता चौधरी व उमा सैनी की उपस्थिति में निकले ड्रा में वार्ड नंबर 2, 12, 14, 18 और 32 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होगा। इसमें वार्ड नंबर 12 व 18 अनुसूचित जाति की महिला के आरक्षित वार्ड होगा।
वहीं, बाकी 40 वार्डों में से 13 वार्ड सामान्य महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे, इनमें वार्ड नंबर 3, 4, 9, 17, 19, 22, 23, 26, 27, 37, 38, 44 और 45 नंबर वार्ड शामिल हैं। वार्ड नंबर-5 और 33 पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित होंगे। बाकी वार्ड सामान्य वर्ग के लिए है यानी उसमें कोई भी व्यक्ति या महिला निगम चुनाव के लिए अपना भाग्य आजमा सकता है।
8 जनवरी-2017 को हुए थे पिछले चुनाव
नगर निगम फरीदाबाद के पिछले चुनाव 8 जनवरी-2017 को हुए थे। इसमें भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों का बहुमत था और अनुसूचित जाति की महिला के लिए महापौर का पद आरक्षित होने के चलते वार्ड-12 से निर्वाचित घोषित हुई सुमन बाला को महापौर चुना गया था। केंद्रीय भारी उद्योग एवं ऊर्जा राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के पुत्र व तब वार्ड नंबर 27 से पार्षद चुने गए देवेंद्र चौधरी को वरिष्ठ उपमहापौर व वार्ड नंबर-32 से पार्षद चुने गए मनमोहन गर्ग को उपमहापौर चुना गया था।
इस तरह मौजूदा सदन का कार्यकाल समाप्त हुए दो महीने से अधिक हो चुके हैं, पर 24 गांवों को नगर निगम में शामिल करने के बाद वार्ड बंदी नए सिरे से हुई और फिर वार्ड संख्या 40 से बढ़ कर 45 कर दी गई। इन कारणों से चुनाव में देरी हुई और अब नए सिरे से वार्ड का ड्रा निकलने के बाद निगम चुनाव को गति मिलेगी। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि चुनाव कब होंगे, पर एक तरह से वार्ड के ड्रा निकलने के बाद पार्षद बनने के इच्छुक नेता अपनी चुनावी तैयारियों को सही मायने में अब गति देंगे।
Disclaimer - शुरुआती सूचना के आधार पर बनी इस खबर में कुछ तथ्य सही नहीं थे। सही तथ्यों का पता चलने पर खबर में सुधार किया गया है।
a