यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Faridabad News: कार सवार ने पहले साइकिल सवार को मारी टक्कर, फिर बैठाया कार में, आगे सूनसान जगह फेंका
फरीदाबाद के मुजेसर में एक कार चालक ने साइकिल सवार दो युवकों को टक्कर मार दी जिसमें एक युवक गंभीर ...और पढ़ें

HighLights
- मुजेसर थाना क्षेत्र में एक कार वाले ने साइकिल सवार दो युवकों को मार दी टक्कर
- फिर घायल युवक को अस्पताल ले जाने का बहाने अपनी कार में बैठा लिया
- कुछ दूर ले जाकर घायल को सुनसान जगह पर फेंक मौके से हो गया फरार
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। मुजेसर थाना क्षेत्र में एक निजी कंपनी के गेट के बाहर कार सवार ने साइकिल सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक ने मौके पर जुटी भीड़ से बचने के लिए घायल युवक को अस्पताल ले जाने का बहाना बनाया और उसे अपनी कार में बैठा लिया। लेकिन, कुछ दूर ले जाकर उसने घायल को सुनसान जगह पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
ड्यूटी से लौटते वक्त हुआ हादसा
सेक्टर-22 शिव कॉलोनी निवासी आंचल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ज्ञानेंद्र नामक युवक उनके साथ व्हर्लपूल चौक के पास स्थित एक निजी फैक्ट्री में काम करता है। सोमवार रात दोनों ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहे थे। आंचल साइकिल चला रहा था और ज्ञानेंद्र पीछे बैठा हुआ था। फैक्ट्री से कुछ दूरी पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे ज्ञानेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
भीड़ से बचने के लिए घायल को कार में बैठाया
हादसे के बाद मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो गए। ऐसे में कार चालक ने लोगों को बहलाने के लिए कहा कि वह घायल को अस्पताल पहुंचा देगा। इसके बाद उसने घायल ज्ञानेंद्र को अपनी कार में बैठा लिया। लेकिन अस्पताल ले जाने की बजाय आरोपी ने घायल युवक को करीब एक किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर ले जाकर सड़क किनारे फेंक दिया।
राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना
मंगलवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े युवक को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को बादशाह खान अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी आंचल को लगी तो उसने पीड़ित ज्ञानेंद्र के भाई आनंद को सूचना दी। इसके बाद पीड़ित के स्वजन अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे सफदरजंग अस्पताल दिल्ली रेफर कर दिया।
कार चालक की तलाश जारी
मुजेसर थाना प्रभारी समेर सिंह ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कार चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
