फरीदाबाद, जागरण संवाददाता। हाईवे पर सवारियों से भरा आटो असंतुलित होकर मेट्रो पिलर से टकराकर पलट गया। इससे उसमें सवार बैंककर्मी महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान दीपावली एन्क्लेव की रहने वाली 24 वर्षीय प्रिया कुमारी के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है। दीपावली एन्क्लेव के रहने वाले रामसत दास ने पुलिस को बताया कि उनकी छोटी बेटी प्रिया एक बैंक में काम करती थी। सुबह वह घर से बैंक के लिए निकली थी। दोपहर सूचना मिली कि बड़खल मेट्रो स्टेशन के पास हाईवे पर आटो पलटने से वह घायल हो गई है और एक निजी अस्पताल में भर्ती है।
सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे। तब तक अस्पताल में प्रिया की मौत हो गई थी। रामसत ने पुलिस से कहा है कि चालक लापरवाही और तेज गति से आटो चला रहा था। इस कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और आटो मेट्रो पिलर से टकरा गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।