गंदगी से नाराज निगमायुक्त बोले, चाहिए स्वच्छ शहर
निगमायुक्त का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे यशपाल यादव शहर की गंदगी को लेकर नाराज हुए।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : निगमायुक्त का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे यशपाल यादव शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था के मुद्दे पर नाराज दिखे। शुक्रवार को निगम अधिकारियों को हिदायत दी कि शहर साफ नजर आना चाहिए, ताकि स्वच्छता रैंकिग में शहर बेहतर स्थिति में आ सके। निगमायुक्त यशपाल यादव शुक्रवार शाम निगम मुख्यालय में निगम अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। संयुक्त आयुक्त को दिए एक्शन प्लान बनाने के निर्देश
निगमायुक्त ने तीनों जोन के संयुक्त आयुक्तों को एक्शन प्लान बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों में दुकानदार, रेहड़ी-पटरी वाले, खासकर फल और सब्जी विक्रेता इधर-उधर कचरा न फैलाएं, इस बारे में उन्हें जागरूक करना होगा। बाजारों में डस्टबिन होना चाहिए। पहले बाजारों में जाकर दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। फिर भी अगर कोई नहीं मानता है, तो चालान किए जाने चाहिए। उन्होंने खत्तों की संख्या धीरे-धीरे कम करने पर जोर दिया और घर-घर से कचरा एकत्र करने के काम में अपेक्षित सुधार की बात कही। कर वसूली पर जोर
यशपाल यादव ने निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए बकाया करों की वसूली पर जोर दिया। इसके लिए संयुक्त आयुक्त को तेजी से काम करने के निर्देश दिए। कर वसूली के कार्य में कोताही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीएम विडो तथा समीर पोर्टल के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रेड लाइसेंस के दायरे में आने वाले सभी वाणिज्यिक संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों से लाइसेंस फीस की वसूली करने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने लीज पर दी गई निगम की सभी दुकानों से बकाया किराये व अन्य करों की सौ फीसद वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश भी बैठक में दिए।
बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त इंद्रजीत सिंह, ओल्ड फरीदाबाद नगर निगम की संयुक्त आयुक्त अलका चौधरी, एनआइटी के प्रशांत अटकान, बल्लभगढ़ के संयुक्त आयुक्त दिनेश सिंह, मुख्य अभियंता रामजी लाल, बीके कर्दम, मुख्य नगर योजनाकार धर्मपाल, वरिष्ठ वास्तुकार बीएस ढिल्लो सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।