करवा चौथ की रात पत्नी की गला दबाकर हत्या
करवा चौथ पर महिलाएं व्रत रखकर ईश्वर से पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। यहां आदर्श नगर में करवा चौथ की रात पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ (फरीदाबाद) : करवा चौथ पर महिलाएं व्रत रखकर ईश्वर से पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं, पर यहां आदर्श नगर में करवा चौथ की रात पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान आदर्श नगर कॉलोनी निवासी प्रदीप की पत्नी रोशनी के रूप में हुई है। रोशनी ने भी अन्य महिलाओं की तरह दिन में पति की लंबी उम्र की कामना के लिए करवा चौथ का व्रत रखा था। उसे क्या मालूम था कि जिस पति के लिए वह पूरा दिन भूखी-प्यासी रही, रात में वही उसकी हत्या कर देगा। मायके वालों का आरोप है कि प्रदीप व उसकी मां रोशनी को पसंद नहीं करते थे। इसलिए उसके साथ आए दिन मारपीट करते थे। पुलिस ने रोशनी के ताऊ रमेशचंद की शिकायत पर उसके पति व सास के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव गढ़ी मथुरा यूपी निवासी रमेशचंद ने बताया कि रोशनी व उसकी बड़ी बहन रेखा की शादी 12 मई 2019 को यहां आदर्श नगर में रहने वाले प्रदीप व कुलदीप के साथ की थी। प्रदीप व कुलदीप भाई हैं। रोशनी व रेखा के पिता मूलचंद का निधन होने के कारण उनकी शादी ताऊ व चाचा ने की थी। आरोप है कि प्रदीप को रोशनी पसंद नहीं थी। वह और उसकी मां रोशनी के साथ मारपीट करते थे। रोशनी ने इस संबंध में अपनी मां बिजेंद्री को भी कई बार बताया था। बिजेंद्री ने बताया कि शुक्रवार सुबह 4 बजे ससुराल वालों ने फोन पर बताया कि रोशनी की हालत काफी खराब है। सूचना पर परिवार के सभी लोग आदर्श नगर पहुंचे, उन्हें रोशनी मृत मिली। उसके मुंह से खून निकल रहा था। उनका कहना है कि रोशनी की गला दबाकर हत्या की गई है। इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पता चला है कि शाम को रोशनी ने करवा चौथ की पूजा कर ली थी। इसके बाद वह अपने कमरे में गई। तभी उसके और प्रदीप के बीच कहासुनी हुई। दिन में भी दोनों के बीच कहासुनी होने की जानकारी मिली है। मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा। शुरुआती जांच में यह गला दबाकर हत्या का लग रहा है।
-मनोज कुमार, प्रभारी थाना आदर्श नगर