बल्लभगढ़ वासियों को जल्द मिलेगी जाम से राहत, ठप पड़ा मोहना एलिवेटेड रोड का काम शुरू; 60% निर्माण पूरा
मोहना एलिवेटेड रोड पर रुके हुए पिलर निर्माण का कार्य फिर से शुरू हो गया है, जिसमें अब केवल 13 पिलर बनाने बाकी हैं।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
मोहना एलिवेटेड रोड पर पिलर निर्माण फिर शुरू।
पेयजल और गैस पाइपलाइन की बाधाएं दूर हुईं।
अब केवल 13 पिलर बनाने का काम शेष।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़। मोहना एलिवेटेड मार्ग पर ठप पड़ा पिलर डालने का काम एक बार फिर से शुरू हो गया है। अब पिलर डालने का काम पूरा हो जाएगा। क्योंकि इस काम में किसी भी तरह की कोई बाधा नहीं है। मौके पर मशीन से सीमेंटेड सड़क को भी काटना शुरू कर दिया गया है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) 225 करोड़ रुपये की लागत से मोहना एलिवेटेड रोड बना रहा है। इसके निर्माण के लिए 75 पिलर बनाने हैं। अब तक 13 पिलर बनाने का काम शेष बचा हुआ है। यह कार्य यहां पर पेयजल की पाइप लाइन पिलर के नीचे आने के कारण रुका हुआ था।
अब पाइप लाइन और अस्पताल रोड पर गैस की पाइप लाइन को बदल कर कनेक्ट किया जा चुका है। अधूरे पड़े काम को पूरा करने के लिए अब फिर से पाइलिंग मशीन ने मौके पर पहुंच कर काम शुरू कर दिया है। सीमेंटेड सड़क को भी अर्थमूवर मशीन से काटा जा रहा है।
PWD अधीक्षक ने दिए ये निर्देश
पीडब्ल्यूडी के अधीक्षक अभियंता मनोज ओला ने एलिवेटेड मार्ग का निर्माण कार्य दिसंबर-2026 तक पूरा करने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दे चुके हैं। हालांकि एलिवेटेड मार्ग का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए विभाग के पास मात्र दो महीने का समय शेष बचा है।
जबकि अभी तक विभागीय अधिकारियों के अनुसार सिर्फ 60 प्रतिशत ही काम पूरा हो पाया है। इन दो महीने में 40 प्रतिशत काम पूरा करना मुश्किल है।
अब सभी पिलर बना दिए जाएंगे। किसी भी तरह की कार्य में कोई रुकावट नहीं है। पिलर बनाने के साथ ही कैप भी बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। मौके पर काम जोरों से शुरू हो चुका है।
-रवि इंदर सिंह, उपमंडल अधिकारी पीडब्ल्यूडी
