फरीदाबाद में मोहना एलिवेटेड रोड की ड्राइंग में बड़ा बदलाव, अब 2 सीढ़ियों का प्लान बना; सीधे उतरेंगे बाजार
मोहना एलिवेटेड मार्ग की ड्राइंग में बदलाव किया गया है, जिससे अब लोगों की सुविधा के लिए दो नए चढ़ने-उतरने ...और पढ़ें

मोहना एलिवेटेड मार्ग के निर्माणाधीन पिलर पर काम करते हुए कामगार। जागरण
HighLights
मोहना एलिवेटेड मार्ग की ड्राइंग में हुआ महत्वपूर्ण बदलाव
लोगों की सुविधा के लिए दो नए चढ़ने-उतरने के स्थान
परियोजना का 65% कार्य पूरा, डेडलाइन बढ़ाने की मांग
सुभाष डागर, बल्लभगढ़। मोहना एलिवेटेड मार्ग की ड्राइंग में बदलाव किया है। इस पर चढ़ने-उतरने के लिए दो जगह पर सीढ़ी बनाई जाएंगी। ताकि किसी को वाहन से उतर कर बाजार के अंदर किसी काम के लिए जाना-आना हो तो वह आ-जा सके।
यह प्रावधान परियोजना में हाल ही में किया गया है। अब तक मार्ग का 65 प्रतिशत काम पूरा किया जा चुका है। शेष 35 प्रतिशत काम काे पूरा करने के लिए ठेकेदार मार्च तक डेड लाइन सीमा बढ़ाने की बात कह रहा है, लेकिन अभी तक उसने विभाग में आवेदन लिख कर नहीं दिया है।
225 करोड़ से बन रहा एलिवेटेड मार्ग
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) राष्ट्रीय राजमार्ग और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को सीधा जोड़ने के लिए 225 करोड़ रुपये की लागत से मोहना एलिवेटेड मार्ग बना रहा है। मार्ग के लिए 90 पिलर बनाए जा रहे हैं।
ज्यादातर पिलर बन चुके हैं। जैन कालोनी से कल्पना चावला सिटी पार्क के बीच 150 मीटर में पिलर बनाने का कार्य शेष बचा है। यह कार्य सीवर लाइन और पेयजल की लाइन बदले जाने के कारण रुका हुआ था। अब लाइन बदलने का काम पूरा हो चुका है।
डेडलाइन पहले जून-2026 थी
मोहना एलिवेटेड मार्ग का निर्माण कार्य जून-2024 में शुरू किया था और दो वर्ष के अंदर जून-2026 में बनाकर तैयार करना था। मार्ग के निर्माण कार्य का जुलाई में निरीक्षण करने के लिए विभाग के अधीक्षक अभियंता मनोज ओला आए थे।
पूरे मार्ग का पैदल चल कर निरीक्षण किया था। तब उन्होंने विभागीय अधिकारियों को मार्ग को तैयार करने की अंतिम तारीख दिसंबर-2026 दी थी।
फिलहाल मार्ग 65 प्रतिशत बनाया गया और 35 प्रतिशत बनना है। इसलिए ठेकेदार अमित ने इसके तैयार होने की अंतिम तारीख मार्च-2027 तक देने की मांग की है।
विधायक ने की समीक्षा बैठक
विधायक मूलचंद शर्मा ने एलिवेटेड मार्ग के निर्माण कार्य की समीक्षा करने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ स्थानीय विश्राम गृह में समीक्षा बैठक की।
बैठक में पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता प्रकाशलाल, उपमंडल अधिकारी रवि इंदर सिंह, ठेकेदार अमित कुमार, कनिष्ठ अभियंताओं में अरुण कुमार, संजीव कुमार, मनीष मौजूद थे।
विधायक मूलचंद शर्मा ने सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए कहा है। ताकि लोगों को परेशानी न हो।
मोहना एलिवेटेड मार्ग पर चढ़ने उतरने के लिए दो जगह पर सीढ़ी बनाई जाएंगी। यदि किसी व्यक्ति को बाजार के अंदर नीचे जाना है तो वह उतर कर जा सके। किसी व्यक्ति को ऊपर से किसी वाहन में बैठ कर जाना तो वह चढ़ सके।
यह सीढ़ी गुप्ता होटल चौक और पंजाबी धर्मशाला के पास बनाई जाएंगी। एक दाई तरफ होगी और दूसरी बाई तरफ होगी। अभी मार्ग की डेड लाइन दिसंबर-2026 ही है। ठेकेदार यदि डेडलाइन बढ़ाने के लिए आवेदन करेगा, तब उस पर विचार किया जाएगा।
- प्रकाशलाल, कार्यकारी अभियंता पीडब्ल्यूडी
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद बोरवेल हादसा: 10 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी नहीं बच सकी 3 साल की बच्ची की जान
