विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद के JC बोस यूनिवर्सिटी में BBA छात्र को प्रोफेसर ने जड़ा थप्पड़, निलंबन की मांग पर अड़ा ABVP

Published: Wed, 09 Sep 2026 06:53 PM (IST)

फरीदाबाद के जेसी बोस विश्वविद्यालय में एक छात्र ने प्रोफेसर पर थप्पड़ मारने और धमकाने का आरोप लगाया है, जिसके बाद एबीवीपी और छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया।

प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जागरण

प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जागरण

HighLights

  1. छात्र ने प्रोफेसर पर थप्पड़ मारने और धमकाने का आरोप लगाया।

  2. एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रों ने विश्वविद्यालय में विरोध प्रदर्शन किया।

  3. विश्वविद्यालय प्रबंधन ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

निभा रजक, फरीदाबाद। जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बीबीए के छात्र ने प्रोटेक्टर प्रोफेसर पर थप्पड़ मारने और धमकाने का आरोप लगाया है। प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता तथा छात्रों ने विश्वविद्यालय के प्रवेश द्वार के सामने विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि प्रोफेसर ने थप्पड़ मारने के आरोप को निराधार बताया है। फिलहाल, मामले की जांच विवि प्रबंधन द्वारा की जा रही है।

निलंबन की मांग पर अड़े

एबीवीपी के विभाग संयोजक दीपक भारद्वाज और प्रांत सह मंत्री गायत्री राठौर सहित कार्यकर्ताओं तथा छात्रों ने बताया कि बीबीए के एक छात्र के साथ प्राक्टर प्रो. मंजीत सिंह द्वारा कथित रूप से थप्पड़ मारने और और करियर खराब करने की धमकी दी गई है।

विश्वविद्यालय छात्रों के लिए शिक्षा और सुरक्षित वातावरण का केंद्र होना चाहिए। किसी भी छात्र के साथ दुर्व्यवहार या दबाव की शिकायत गंभीर विषय है। विश्वविद्यालय प्रबंधन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित प्राक्टर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई तथा निलंबन की मांग की है।

प्रदर्शन के बाद वाइस चांसलर से मिले छात्र

छात्र परिषद अध्यक्ष नितेश नागर, इकाई अध्यक्ष नरेन सैनी, युधिष्ठिर शर्मा और पवन भाटी ने बताया कि विश्वविद्यालय के प्रवेश द्वार पर मामले की जांच और प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई के लिए घंटों बैठे रहे, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।

दोपहर बाद वाइस चांसलर से मिलने और शिकायत देने का समय दिया गया। वाइस चांसलर की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन मिला है।

यदि मामले की लापरवाही बरती गई तो छात्र संगठन दोबारा भारी संख्या में एकत्रित होकर विरोध जताएगा। इस दौरान मुख्य रूप से कुणाल, शिवम मिश्रा, कबीर, नितिन और दीपक बघेल सहित अन्य कार्यकर्ता व छात्र मौजूद रहे।

"बीबीए का छात्र काफी देर से विश्वविद्यालय में लगे लिफ्ट के बटन के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। इसलिए उसे समझाया था। थप्पड़ मारने और धमकाने का आरोप निराधार है। इस संबंध में छात्र और संगठन के साथ बैठक हुई है। आपस में समझौता हो गया है।"

-प्रोफेसर मंजीत सिंह, प्राक्टर, जेसी बोस विश्वविद्यालय।

"छात्र संगठन की ओर से मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। उनके माध्यम से ही मामला संज्ञान में आया है। विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा इसकी निष्पक्ष जांच की जा रही है।"

-जितेंद्र यादव, प्रवक्ता, जेसी बोस विश्वविद्यालय।