ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा अब और पुख्ता, RPF के संग अब GRP जवान भी करेंगे एस्काट ड्यूटी
ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए अब राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवान भी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के साथ एस्काट ड्यूटी करेंगे।

सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI Generated
HighLights
जीआरपी जवान आरपीएफ संग ट्रेनों में करेंगे एस्काट ड्यूटी।
फरीदाबाद सर्कल में यात्रियों की सुरक्षा होगी अधिक प्रभावी।
जवान हरियाणा राज्य की सीमा के भीतर ही करेंगे गश्त।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा बंदोबस्त को और मजबूत करने की दिशा में अब राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवान भी ट्रेनों में एस्काट ड्यूटी करते नजर आएंगे। अभी तक ट्रेनों में यह जिम्मेदारी मुख्य रूप से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान निभा रहे थे।
नई व्यवस्था के तहत जीआरपी भी आरपीएफ के साथ मिलकर ट्रेनों में सुरक्षा निगरानी करेगी। फरीदाबाद सर्कल के अंतर्गत आने वाले फरीदाबाद, पलवल, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और नारनौल थाना क्षेत्रों में इस नई गश्त प्रक्रिया को शुरू करने की तैयारी है।
इसका उद्देश्य ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा को और पुख्ता करना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। ट्रेन एस्काट ड्यूटी का शेड्यूल फरीदाबाद के सर्कल ऑफिसर डीएसपी राजेश चेची द्वारा तय किया जाएगा।
इसके तहत ट्रेनों की आवाजाही, संवेदनशील क्षेत्रों और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी। आरपीएफ और जीआरपी के बीच बेहतर तालमेल से ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी। दोनों बलों की मौजूदगी से न केवल संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ेगी, बल्कि यात्रियों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।
इस व्यवस्था के तहत क्षेत्राधिकार का विशेष ध्यान रखा जाएगा। राज्यीय पुलिस का हिस्सा होने के कारण जीआरपी टीम हरियाणा बार्डर के बाहर नहीं जाएगी। दिल्ली आगरा मार्ग पर होडल तक अपनी ड्यूटी करेगी और इसके बाद उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश नहीं करेगी।
दरअसल, ट्रेनों में चोरी, जेबतराशी, छेड़छाड़, महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों से संबंधित घटनाओं के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियां सुरक्षा के लिहाज से चुनौती बनी रहती हैं। ऐसे में आरपीएफ के साथ जीआरपी की गश्त बढ़ने से सुरक्षा कवच मजबूत होने की उम्मीद है।
रेलवे पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है। आरपीएफ के साथ समन्वय बनाकर जीआरपी के जवानों को गश्त पर लगाया जा रहा। ड्यूटी शेड्यूल निर्धारित प्रक्रिया के तहत तैयार हो रहा है। जवान अपने निर्धारित क्षेत्र और राज्य की सीमा के भीतर ड्यूटी करेंगे। हालांकि सुरक्षा केवल पुलिस और सुरक्षा बलों की जिम्मेदारी नहीं होती। यात्रियों की जागरूकता भी महत्वपूर्ण है। इसलिए सफर के दौरान सतर्क रहें, अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित सुरक्षा कर्मियों को दें।
