अधिकारियों से मंत्री तक, हर दरवाजे पर दस्तक, फिर भी समस्याएं जस की तस; ग्रेटर फरीदाबाद में लोगों ने सुनाई परेशानी
ग्रेटर फरीदाबाद की पुरी प्राणायाम सोसायटी के निवासी बिजली, पानी, सीवर जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। ...और पढ़ें
-1791133554354_m.webp)
सेक्टर-82 स्थित पुरी प्राणायाम सोसायटी में वादे बनाम हकीकत अभियान के तहत अपनी समस्याएं रखते हुए आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और स्थानीय निवासी। जागरण
HighLights
बिजली, पानी, सीवर, पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव।
बिल्डर की लापरवाही और प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी से समस्याएँ।
शिकायतें अनसुनी, निवासी विरोध प्रदर्शन की तैयारी में।
निभा रजक, फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को सामने लेकर आने के लिए चलाए जा रहे ‘वादे बनाम हकीकत’ अभियान के तहत रविवार को दैनिक जागरण की टीम सेक्टर-82 स्थित पुरी प्राणायाम सोसायटी पहुंची। यहां बिल्डर की लापरवाही और प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी के कारण हजारों लोग बिजली, पानी, पार्किंग, सीवर ओवरफेलो, स्ट्रीट लाइट और बेसहारा पशुओं की समस्या से परेशान हैं। करीब दो घंटे तक चले संवाद में सोसायटी वासियों ने अपनी समस्याओं को रखा तथा जल्द समाधान की मांग की है।
पुरी प्राणायाम सोसायटी 20 एकड़ में फैली है। इसमें 22 टावर और कुल 837 फ्लैट हैं। प्रोजेक्ट में लोगों ने 2007 में निवेश किया था। उस समय फ्लैट्स की कीमत 80 से 90 लाख थी। वर्तमान में फ्लैट्स की कीमत दो करोड़ तक हैै। वर्ष 2013 से पजेशन मिलना शुरु हुआ था। फिलहाल 800 से अधिक परिवार रहे हैं।
बिल्डर की ओर से हैंडओवर किए जाने के बाद सोसायटी में मेंटेनेंस आरडब्ल्यूए देख रही है। समस्या यह है कि समाधान के लिए आरडब्ल्यूए की ओर से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जिला प्रशासन, विधायक तथा मंत्री से गुहार लगाई जा रही है, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है।
सड़क पर बेसहारा पशु, नहीं जलती स्ट्रीट लाइटें
स्थानीय निवासी गीतेश अरोड़ा, धीरज कुमार, साहिल अरोड़ा, गुरदीप गांधी, विनोद मेंहदीरत्ता और असीम चौधरी ने बताया कि सेक्टर में बेसहारा पशुओं की समस्या बहुत अधिक है। आए दिन पशुओं के कारण हादसे होते हैं। शाम ढलते ही सड़कों पर अंधेरा छा जाता है। जगह-जगह शराब के अवैध ठेके खुले हैं। पुलिस की पेट्रोलिंग नहीं होने के कारण आए दिन छिना झपटी की घटनाएं होती हैं। जिससे लोगों के बीच डर का माहौल बना है।
धरने पर बैठने की तैयारी में लोग
स्थानीय निवासी जीतेंद्र मेंहदीरत्ता, अजय मल्होत्रा और राजीव लेखी ने बताया कि सेक्टर में ड्रेनेज लाइन बंद पड़ी है। हल्की सी वर्षा के बाद सड़क पर जलभराव हो जाता है। सड़कों पर जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। आश्चर्य की बात तो यह है कि सेक्टर-82 और 85 वाली मास्टर रोड पिछले 12 वर्षों से नहीं बन पा रही है। इस सड़क के नहीं बनने के कारण सुबह और शाम को जाम की स्थिति रहती है। इसके अतिरिक्त सड़कों पर यातायात नियमों की पालना कराने के लिए कोई ट्रैफिक पुलिस मौजूद नहीं रहती है। लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ को मजबूरन धरने पर बैंठेंगे।
सेक्टरों के लोगों के मुकाबले ग्रेटर फरीदाबाद की सोसायटी में रहने वाले लोगों से प्रोपर्टी टैक्स अधिक लिया जा रहा है। लेकिन सुविधाएं शून्य के समान है। राज्य मंत्री राजेश नागर से प्रापर्टी टैक्स की समीक्षा कर उसे उचित और तर्कसंगत बनाने की मांग की गई है। - निशांत रस्तोगी, आरडब्ल्यूए प्रधान
