रफ्तार का कहर: डिवाइडर से टकराई कार, हादसे में युवक की जान गई
शुक्रवार रात हाईवे पर गुडईयर चौक के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। कार चला रहे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद: शुक्रवार रात हाईवे पर गुडईयर चौक के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। कार चला रहे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक युवक का नाम विकास कुमार है। वह प्रेमनगर ऊंचा गांव निवासी था। वहीं कार में सवार उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है। पुलिस के मुताबिक 30 वर्षीय विकास कुमार अपनी स्विफ्ट कार में दोस्त शाहपुरा निवासी शिव कुमार और कुंदन कालोनी निवासी विनय के साथ शुक्रवार रात ओल्ड फरीदाबाद अपने दोस्त से मिलने गया था। देर रात तीनों दोस्त कार में सवार होकर वापस लौट रहे थे। कार विकास खुद चला रहा था। हाईवे पर गुडईयर चौक के पास कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। रफ्तार अधिक होने के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के पुर्जे दूर तक जाकर गिरे। कार में सवार तीनों लोग बुरी तरह घायल हो गए। पास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को कार से निकालकर अस्पताल भिजवाया। इलाज के दौरान विकास कुमार ने दम तोड़ दिया। उसके दोनों दोस्तों की हालत अब खतरे से बाहर है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस को यातायात डायवर्ट करना पड़ा। करीब एक घंटे बाद सड़क से क्षतिग्रस्त कार हटाए जाने के बाद यातायात सुचारु हुआ।