मेवात के दिग्गज राजनेता खुर्शीद अहमद का इंतकाल
प्रदेश के पूर्व मंत्री और फरीदाबाद संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद चौधरी खुर्शीद अहमद का रविवार की रात इंतकाल हो गया ।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : प्रदेश के पूर्व मंत्री और फरीदाबाद संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद चौधरी खुर्शीद अहमद का रविवार की रात इंतकाल हो गया। मरहूम चौधरी खुर्शीद अहमद लगभग 86 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। एक समय मेवात की राजनीति की धुरी रहे खुर्शीद अहमद एशियन अस्पताल फरीदाबाद में उपचाराधीन थे।
मरहूम चौधरी खुर्शीद अहमद का परिवार वर्ष 1985 से औद्योगिक नगरी के सेक्टर-21 में रह रहा है। उनके बड़े पुत्र आफताब अहमद भी 2009 में बनी भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में परिवहन मंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में नूंह से कांग्रेस के विधायक हैं। इस समय प्रदेश की विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के उप नेता हैं। हसमुख स्वभाव के नेता खुर्शीद अहमद मेवात के साथ-साथ हिदू बहुल क्षेत्रों में बराबर की लोकप्रियता रखते थे। पांच बार विधायक बने
खुर्शीद अहमद सबसे पहले वर्ष 1962 में संयुक्त पंजाब विधानसभा के लिए विधायक चुने गए। इसके बाद 1968, 1977, 1987, 1996 में भी हरियाणा विधानसभा के लिए विधायक चुने गए। वर्ष 1984 में फरीदाबाद से सांसद बने रहीम खान का निधन होने के कारण खुर्शीद अहमद 1989 में लोकसभा के उपचुनाव में लोकदल के टिकट पर चुनाव लड़े और जीते। तब मेवात का बड़ा हिस्सा फरीदाबाद संसदीय क्षेत्र में आता था। इसके अलावा उन्होंने 1982, 1989, 1991, 1997 में भी फरीदाबाद से लोकसभा के चुनाव लड़े, पर उन्हें जीत नसीब नहीं हुई थी। उनके अन्य दो पुत्रों में महताब अहमद, अंजुम अहमद हैं और बेटी रुकसाना हैं। दोनों बेटे वकील हैं।