राजमार्ग पर वाहन की टक्कर से श्रमिक की मौत
सेक्टर-31 क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते वक्त वाहन की टक्कर से शख्स की मौत हो गई। मृतक की पहचान बदरपुर दिल्ली निवासी 46 वर्षीय उमेश कुमार के रूप में हुई है।
जासं, फरीदाबाद: सेक्टर-31 क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते वक्त वाहन की टक्कर से शख्स की मौत हो गई। मृतक की पहचान बदरपुर दिल्ली निवासी 46 वर्षीय उमेश कुमार के रूप में हुई है। वह मूलरूप से बलिया यूपी का रहने वाला था। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। यह हादसा 8 अक्टूबर को हुआ, मगर देर से सूचना मिलने के कारण पुलिस ने अब उसके दोस्त की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है।
देशराज कॉलोनी पल्ला निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया है कि वह हेवल्स कंपनी के सेक्टर-31 राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित प्लांट में नौकरी करता है। कुछ साल पहले तक उमेश कुमार भी उसके साथ ही काम करता था। मगर अब वह कहीं दूसरी जगह काम कर रहा था। 8 अक्टूबर को उमेश कुमार राजेंद्र सिंह से मिलने आया था। ऑटो से उतरकर वह राष्ट्रीय राजमार्ग के दूसरी तरफ स्थित हेवल्स कंपनी के प्लांट की तरफ पैदल चलने लगा। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर राजेंद्र व अन्य कर्मी प्लांट से बाहर आए। वे उमेश कुमार को ईएसआइ अस्पताल दिल्ली लेकर पहुंचे। वहां से सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।