यमुना का पंटून पुल बनकर हुआ तैयार
लोक निर्माण विभाग ने गांव शाहजहांपुर के पास यमुना नदी पर पंटून पुल बना दिया है। पुल के बनने से किसान अब खासे खुश हैं।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : लोक निर्माण विभाग ने गांव शाहजहांपुर के पास यमुना नदी पर पंटून पुल बना दिया है। पुल के बनने से किसान अब खासे खुश हैं। वो खेतों पर पड़ी फसल गेहूं, भूसा को घर ले आएंगे और खरीफ की फसल की समय पर बोआई कर सकेंगे। पुल के बनने से गांव शाहजहांपुर, साहुपुरा, चांदपुर, अरुआ, फज्जुपुर, इमामुद्दीनपुर, नया गांव, मोठूका, लतीफपुर, दूल्हेपुर गांवों के हजारों ग्रामीणों को लाभ होगा।
गांव शाहजहांपुर के पास यमुना पर हर वर्ष पंटून पुल बनाया जाता है। पुल दो अक्टूबर के आसपास बनाया जाता है और मानसून शुरू होने से पहले 15 जून के आसपास हटा दिया जाता है। इस बार फरवरी-मार्च में बारिश ज्यादा होने की वजह से यमुना में पानी ज्यादा था, जिसकी वजह से विभाग ने पुल को हटा दिया। पानी अधिक होने के कारण पुल तैयार नहीं हो पाया। किसानों को अपनी रबी की फसल को घर और मंडी लाने की चिता सता रही थी, वहीं वो खरीफ की बोआई में भी पिछड़ते जा रहे थे। लोक निर्माण विभाग ने पुल को अब बनाकर तैयार कर दिया है। यमुना पर गांव शाहजहांपुर के पास पंटून पुल को तीन दिन पहले बनाकर तैयार कर दिया और लोगों के लिए खोल दिया है। अब किसान आराम से अपनी फसल की कटाई व बोआई कर सकते हैं।
-राहुल सिंह, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग फरीदाबाद