महिलाएं सिलाई प्रशिक्षण से बनेंगी आत्मनिर्भर
महिलाओं को रोजगार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए बदलाव हमारी कोशिश चेरिटेबल ट्रस्ट की प्रधान सुषमा यादव ने अहीरवाड़ा में सिलाई सेंटर का शुभारंभ किया।
जासं, बल्लभगढ़ : महिलाओं को रोजगार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए बदलाव हमारी कोशिश चैरिटेबल ट्रस्ट की प्रधान सुषमा यादव ने अहीरवाड़ा में सिलाई सेंटर का शुभारंभ किया। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई सेंटर से मास्क बनाने के लिए कहा है। ट्रस्ट सिलाई सीखने वाली महिलाओं से एक मास्क को तीन व चार रुपये देकर खरीदेगी। महिलाओं की टीम ही सेंटर के बने हुए मास्क को जगह-जगह पर बेचेंगी।
बता दें कि पिछले दो महीने संस्था से जुड़ी महिलाओं की टीम कपड़े के मास्क बनाकर लोगों को बांट रही हैं। अब ट्रस्ट की संस्थापक सुषमा यादव ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मास्क को ही जरिया बनाया है। सिलाई सेंटर के शुरू करने में चांदपुर पलवल की सरपंच किरण यादव, समाजसेवी तेजपाल यादव, शिक्षक दीपक यादव, संदीप चौधरी बहादुरपुर ने एक-एक सिलाई मशीन देकर सहयोग किया। इस दौरान नगर निगम के पार्षद दीपक यादव, अनीता यादव, उर्मिला, सुशीला, नीलम, बवीता, कमलेश, हिमांशी यादव, प्रियंका, रिशिका, गजना मौजूद थी।