वोटर लिस्ट में नाम छूट गया है तो न हों परेशान, फरीदाबाद में 30 अगस्त से पहले सुधार का आखिरी मौका
फरीदाबाद में मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन में नाम छूटने वाले नागरिक 30 अगस्त तक फॉर्म भरकर दावे-आपत्ति दायर कर ...और पढ़ें

वोटल लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका। फोटो: आर्काइव
HighLights
मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6 भरें
नाम, पता, फोटो सुधारने के लिए फॉर्म 8 का उपयोग करें
दावे-आपत्ति दायर करने की अंतिम तिथि 30 अगस्त है
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन में जिन मतदाताओं के नाम रह गए हैं, वह घबराएं नहीं। वह 30 अगस्त तक सही फॉर्म भर कर अपने दावे-आपत्ति दायर कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि फोटो युक्त मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जा चुका है। इसमें जिनका नाम नहीं आया है, वह फॉर्म नंबर- छह भर कर ऑनलाइन या ऑफलाइन अपना आवेदन देकर नाम जुड़वा सकते हैं।
फॉर्म-8 भरकर कराएं सुधार
यदि मतदाता सूची में नाम, पता, फोटो या अन्य किसी विवरण में गलती है, तो फॉर्म -आठ भरकर संशोधन करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहली जुलाई-2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवा भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के पात्र हैं।
उन्हें समय रहते आवेदन अवश्य जमा कराना चाहिए। यदि किसी दावे या आपत्ति के संबंध में सुनवाई का नोटिस प्राप्त होता है, तो संबंधित व्यक्ति निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर अपना पक्ष जरूर रखें।
3 अक्टूबर को आएगी अंतिम लिस्ट
जिला निर्वाचन अधिकारी सिन्हा ने कहा कि तीन अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क करने तथा मुख्य चुनाव अधिकारी हरियाणा की वेबसाइट सीईओहरियाणाडाटजीओवीडाटइन पर अपनी मतदाता संबंधी जानकारी अवश्य जांच लें।
उन्होंने कहा कि हर मतदाता की जिम्मेदारी है कि वह अपने नाम को मतदाता सूची में सुनिश्चित करे, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई जा सके। जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से समय पर आवेदन कर अपने मताधिकार को सुरक्षित करने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में बिना लाइसेंस ड्राइविंग की सजा, बीमा कंपनी बची; गाड़ी मालिक-ड्राइवर अपनी जेब से भरेंगे 21.30 लाख
यह भी पढ़ें- न्यू गुरुग्राम में अब नहीं लगेगा ट्रैफिक जाम, GMDA सेक्टर 68-69 के बीच बनाएगा 2 किमी लंबा स्पेशल कॉरिडोर
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में यू-टर्न के चक्कर में 20 मिनट जाम में फंस रहे लोग, सदर बाजार में मल्टीलेवल पार्किंग हुई बेकार
