फरीदाबाद में जाम की झंझट होगा खत्म, नीलम पुल और सर्विस रोड के नीचे बनेगा अंडरपास; हाईवे से जुड़ेगा NIT
फरीदाबाद के नीलम रेलवे पुल पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए अंडरपास बनाने की योजना तैयार की ...और पढ़ें

नीलम चौराहे पर इस तरह लग जाता है जाम। जागरण आर्काइव
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। नीलम रेलवे पुल पर सुबह से शाम तक लगने वाले जाम से शहरवासियों को राहत दिलाने की तैयारी है। इसके लिए रेलवे ट्रैक और पुल की सर्विस रोड के नीचे से अंडरपास बनाने की योजना तैयार की जा रही है।
विधायक धनेश अदलखा की सिफारिश पर बनाई जा रही इस योजना के सिरे चढ़ने से एनआईटी क्षेत्र को सीधे हाईवे से जोड़ने का रास्ता साफ हो सकेगा।
खास बात यह है कि प्रस्तावित अंडरपास से दोपहिया और तिपहिया वाहन चालक आवागमन कर सकेंगे। इससे नीलम पुल के ऊपर वाहनों का दबाव कम होने और जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
सुबह से शाम तक जाम, वाहन चालकों की परीक्षा
नीलम रेलवे पुल शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। सुबह कार्यालयों और औद्योगिक क्षेत्रों में जाने वाले लोगों की भीड़ के साथ ही शाम को घर लौटने के समय वाहनों का दबाव बढ़ जाता है।
इसके चलते पुल पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार वाहन चालकों को थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है। जाम का असर आसपास के मार्गों पर भी दिखाई देता है। इससे नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है।
सर्विस रोड और रेलवे ट्रैक के नीचे बनेगा रास्ता
योजना के तहत पुल की सर्विस रोड और रेलवे ट्रैक के नीचे से अंडरपास बनाने की तैयारी है। इसका उद्देश्य ऐसे वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराना है, जिन्हें एनआईटी क्षेत्र से हाईवे की ओर जाना होता है।
फिलहाल इन वाहनों का दबाव नीलम पुल पर भी पड़ता है। अंडरपास बनने के बाद दोपहिया और तिपहिया वाहन चालकों को पुल के ऊपर से गुजरने की मजबूरी नहीं रहेगी। इससे पुल पर वाहनों की संख्या कम करने में मदद मिल सकती है।
नीलम-बीके रोड का निर्माण शुरू
नीलम सिनेमा चौक से बीके चौक तक देररात सड़क निर्माण किया गया। एक परत डाल दी है और दूसरी आज रात को डाली जाएगी। इसके बाद दूसरी लेन का काम शुरू किया जाएगा।
बता दें इस सड़क का प्रयोग हजारों लोग करते हैं। विधायक की सिफारिश पर नीलम-बीके सड़क किनारे नाले पर पुलिया बनाई जा चुकी है।
सबसे अधिक वाहनों का दबाव नीलम रेलवे पुल पर है। प्रतिदिन हजारों वाहन जाम में फंसते हैं। यह पुल सीधे नागरिक अस्पताल से जुड़ा है। जाम में अक्सर एंबुलेंस भी फंस जाती हैं। इसलिए यहां जाम
- धनेश अदलखा, विधायक, बड़खल विधानसभा
यदि यहां अंडरपास बन जाता है तो प्रतिदिन 50 हजार वाहन चालकों को राहत मिल जाएगी। यह योजना बहुत अच्छी है। अब इस पर जल्द काम शुरू होना चाहिए। सबसे अधिक राहत नागरिक व निजी अस्पताल जाने वालों को मिलेगी।
- विजयपाल भारद्वाज, समाजसेवी
इस पुल से प्रतिदिन आना-जाना होता है। सुबह व शाम को अधिक जाम होता है। इस वजह से पुल पार करने में काफी समय लग जाता है। वर्षा के दौरान तो अधिक समस्या बढ़ जाती है।
- निर्मल मखीजा, वास्तुकार
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद: सेक्टर-23 की सड़क होगी डबल लेन, जलभराव से मिलेगी स्थायी राहत
