हिमाचल के स्थायी अपना घर में करें शिल्प कला और संस्कृति के दर्शन
34वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय क्राफ्ट मेले में अगर आपको हिमाचल की शिल्प कला और संस्कृति के दर्शन करने हों तो यहां के अपना घर में आएं।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : 34वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय क्राफ्ट मेले में अगर आपको हिमाचल की शिल्प कला और संस्कृति के दर्शन करने हों, तो यहां के अपना घर में आएं। मेला परिसर में इन दिनों हिमाचल के अपना घर का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा पर्यटक हिमाचल के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कर पाएंगे। मेला परिसर में 1996 से बने हिमाचल के महेश्वर देवता मंदिर को भी नया रूप दिया जा रहा है। हिमाचल पर्यटन विभाग की ओर से तैयारियां तेज गति से चल रही हैं। इतना ही नहीं, मेला परिसर की दीवारों पर प्रतिकृतियों के माध्यम से भी हिमाचल के सांस्कृतिक दर्शन कराए जाएंगे।
बता दें कि इस मेले में हिमाचल थीम स्टेट है और उज्बेकिस्तान पार्टनर कंट्री है। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त फैशन डिजाइनर रितु बेरी मेले में मानद सलाहकार हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविद 1 फरवरी को मेले का शुभारंभ करेंगे। इस बार मेले में दिल्ली से आने वाले प्रवेश द्वार पर एक अलग से गेट बनाया जा रहा है। ऐसे ही हिमाचल की संस्कृतिक को दर्शाते हुए पांच गेट बनाए जा रहे हैं।
फैशन शो रहेगा आकर्षण का केंद्र
मेले में उज्बेकिस्तान की ओर से 2 फरवरी को फैशन शो होगा। ऐसे ही जनजाति फैशन शो 7 फरवरी तो 15 फरवरी को हिमाचल पर्यटन विभाग की ओर से फैशन का आयोजन किया जाएगा। फैशन, कला और हुस्न का यह संगम आकर्षण का केंद्र रहेगा।
हम इस बार मेले की सुंदरता पर ज्यादा ध्यान दे हैं। पिछले वर्षों की कमियों को ध्यान में रखते हुए बेहतरी के प्रयास किए जा रहे हैं। हरियाणा के अपना घर और हिमाचल के अपना घर में आकर पर्यटक अलग-अलग प्रदेशों की संस्कृति को जान पाएंगे।
-राजेश जून, नोडल अधिकारी, सूरजकुंड मेला।