विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में दुकान का विवाद बना खूनी संघर्ष, गोलीबारी और तोड़फोड़ से लोगों में दहशत

By Harendra NagarEdited By: Kapil Kumar
Published: Fri, 25 Sep 2026 09:06 AM (IST)

फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में दुकान के बाहर सामान रखने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। यह विवाद ...और पढ़ें

गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। जागरण

गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। जागरण

HighLights

  1. दुकान के बाहर सामान रखने को लेकर दो पक्षों में विवाद।

  2. विवाद ने हिंसक रूप लिया, गोलीबारी और तोड़फोड़ से अफरातफरी।

  3. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, सीसीटीवी फुटेज खंगाली।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद में संजय कॉलोनी सेक्टर-23 में दुकान के बाहर स्टैंड बोर्ड और अन्य सामान रखने को लेकर बृहस्पतिवार रात दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दुकानदार पक्ष ने कथित तौर पर 40-45 लोगों को मौके पर बुला लिया।

आरोप है कि बड़ी संख्या में लोग गली में पहुंचे और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान गोलियां चलने से इलाके में अफरातफरी मच गई।

क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने एक मकान के गेट और बाहर खड़ी तीन कारों के शीशे लाठी-डंडों से तोड़ दिए। मकान की तरफ ईंट-पत्थर भी फेंके गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों में दुबक गए। घटना की सूचना मिलते ही मुजेसर थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों ने बताया कि गली में कुछ समय पहले ही एक नई दुकान खुली है। बृहस्पतिवार रात दुकानदार दुकान के बाहर स्टैंड बोर्ड और अन्य सामान रख रहा था। गली में सामान रखने को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

विवाद मारपीट में बदल गया

आरोप है कि विवाद के बाद दुकानदार ने अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग गली में पहुंच गए और विवाद मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बीच पथराव और तोड़फोड़ भी की गई। तीन कारों के शीशे टूटने के साथ मकान के गेट को भी नुकसान पहुंचा। हालांकि, गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि विवाद में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

मुजेसर थाना प्रभारी पूरण सिंह ने बताया कि रात करीब नौ बजे गोली चलने की सूचना मिली थी। दुकान के बाहर स्टैंड लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद फायरिंग की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।