गजब हो गया! फरीदाबाद में युवक पर चलाई गोली, सड़क से टकराकर खुद के ही दोस्त के पैर में जा घुसी
फरीदाबाद में एक युवक पर जानलेवा हमले के दौरान चलाई गई गोली लक्ष्य से भटककर सड़क से टकराई और हमलावर के ही साथी के पैर में जा लगी।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
फरीदाबाद में युवक पर चलाई गोली, साथी के पैर में लगी।
अपराध शाखा ने गर्व भाटिया और हिमांक भाटिया को किया गिरफ्तार।
गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मची, विवेक भागा।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। एनआईटी-एक स्थित वी-2 काम्प्लेक्स के सामने युवक पर जान से मारने की नीयत से चलाई गई गोली उसे लगने के बजाय सड़क से टकराकर आरोपित के ही साथी के पैर में जा लगी।
दो अक्टूबर को हुई इस वारदात के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने दो आरोपितों गर्व भाटिया और हिमांक भाटिया उर्फ हन्नी, निवासी एनआईटी एक को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गांव सारन के जाटव मोहल्ला निवासी विवेक ने शिकायत दी थी कि दो अक्टूबर की सुबह वह अपने दोस्तों प्रथम, हरमन और कृष्णकांत के साथ एनआईटी स्थित वी-2 काम्प्लेक्स के सामने एक नंबर मार्केट में गया था। वह और उसका दोस्त हरमन कार से उतरकर दुकान की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान वहां पहले से कार में बैठे गर्व भाटिया ने उसे आवाज देकर बातचीत शुरू कर दी।
बहस के बाद दोस्त ने निकाली पिस्तौल और चला दी गोली
पुलिस जांच में सामने आया कि गर्व और विवेक की पहले से जान-पहचान थी। दोनों के बीच बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसी दौरान गर्व का साथी नूर वहां पहुंचा और विवेक के साथ गाली-गलौज करने लगा।
आरोप है कि नूर ने पिस्तौल निकालकर विवेक पर गोली चला दी। विवेक गोली की चपेट में आने से बच गया। गोली सड़क पर जा लगी और वहां से टकराकर वापस उछली, जो आरोपितों के ही साथी हिमांक भाटिया उर्फ हन्नी के पैर में जा लगी। गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और विवेक वहां से भाग गया।
इसके बाद गर्व भाटिया, हिमांक, नूर और जतिन ने विवेक के दोस्त हरमन के साथ मारपीट की। आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में शामिल नूर और जतिन भाटिया को दो अक्टूबर को ही एक अन्य आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके कब्जे से दो पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद हुए थे। पुलिस अब इस मामले में आरोपितों की भूमिका और वारदात में इस्तेमाल हथियार के संबंध में भी जांच कर रही है।
