पर्वतीय कालोनी में सीवर जाम, सड़कों पर उतरे लोग
एनआइटी पर्वतीय कालोनी भाग एक में कई दिनों से सीवर जाम से परेशान लोग रविवार को सड़कों पर उतर आए। बिष्ट स्कूल से लेकर पर्वतीय कालोनी डिस्पोजल के चारों तरफ सीवर का पानी जमा है।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : एनआइटी पर्वतीय कालोनी भाग एक में कई दिनों से सीवर जाम से परेशान लोग रविवार को सड़कों पर उतर आए। बिष्ट स्कूल से लेकर पर्वतीय कालोनी डिस्पोजल के चारों तरफ सीवर का पानी जमा है। इस मुद्दे पर लोगों ने रोष प्रदर्शन किया। लोग नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डिस्पोजल चौक से होते हुए वार्ड की पार्षद ललिता यादव के निवास तक गए।
अर्जुन सिंह, शंकर पांडेय, आनंद सिंह बिष्ट, ध्रुव सिंह रावत तथा तिलक राज शर्मा ने रोष जताया कि उन्होंने पार्षद ललिता यादव को समस्या से अवगत कराया है, मगर वह भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाईं। ललिता यादव ने माना कि समस्या गंभीर है। लोगों की शिकायत जायज है। उन्होंने कहा कि अभी नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल चल रही है। हड़ताल खत्म होते ही लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।